रायपुर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया आरोप, कहा- न्यायालय की हो रही अवमानना

छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अटल विकास यात्रा पर कांग्रेस हमलावर है।
2 min read
• •
Updated: 5 Sep 2018, 11:41 AM IST
congress press confrence
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया आरोप, कहा- न्यायालय की हो रही अवमानना

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अटल विकास यात्रा पर कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा कि वे चुनाव आयोग को पत्र लिख रहे हैं कि वे इसपर नजर रखें कि सरकार राशि का उपयोग भाजपा के प्रचार में न हो। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा, उन्हें भाजपा के नाम से खरीदे गए वाहनों का उपयोग सरकारी यात्रा में रथ की तरह नहीं करना चाहिए।

बघेल ने कहा, अगर मुख्यमंत्री ने ऐसा किया तो वे उसकी शिकायत चुनाव आयोग और न्यायालय दोनों से करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर न्यायालय की अवमानना का भी आरोप लगाया। उनका कहना था, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में महाधिवक्ता ने लिखित अंडरटेकिंग दिया है कि सरकार विकास यात्रा के मंचों पर किसी गैर सरकारी व्यक्ति को न तो शामिल करेगी और न ही विज्ञापनों में उनका नाम और फोटो प्रकाशित होगा।

इसके बाद भी भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह जो मात्र एक सांसद हैं इस यात्रा को हरी झंडी दिखा रहे हैं। भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि भाजपा का चुनाव चिन्ह सरकार यात्रा में क्यो लग रहा है। भूपेश बघेल ने सड़क मार्ग से विकास देखने का पुराना निमंत्रण दोहराया है। उनका कहना था, मुख्यमंत्री और अमित शाह दोनों सड़क मार्ग से उनके साथ विकास देखने चलें।

भूपेश बघेल ने प्रदेश के विकास पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, विकास यात्रा के पहले और दूसरे चरण के बीच विकास की जितनी कलई खुली है, उसके बाद तो यात्रा स्थगित हो जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा, बस्तर, रायपुर से लेकर सरगुजा तक पुल-पुलिया और एनिकट बहने की खबर आई है। सड़कों की हालत खराब है। स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड़ बर्बाद करने के बाद भी डेंगू से 36 लोगों की मौत हो चुकी। स्वास्थ्य मंत्री जिम्मेदारी लेने की बजाय कभी डॉक्टरों को, कभी अस्पतालों को और कभी मरने वालों को ही दोषी ठहरा रहे हैं। भूपेश बघेल ने कहा, यह विकास नहीं असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है।

Published on: