
CG Cabinet Minister's : छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी टीम को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इधर पूरे प्रदेश में पार्टी नेताओं से लेकर राजनीतिक जानकारों और आम जनता तक मंत्रियों के नाम पर उधेड़बुन चल रही है। सोशल मीडिया में भी इनकी खासियतों को लेकर चर्चा है।
जो बातें छनकर आ रही हैं उनके अनुसार नए मंत्रिमंडल में दो डिप्टी सीएम के अलावा दो महिला मंत्री भी होंगी। इन 4 के बाद मंत्रिमंडल में 8 स्थान और बचेंगे। पहली बार के विधायक भी मंत्रिमंडल में दिखेंगे। अनुभवी चेहरे तो होंगे ही। नई सरकार अनुभवी और युवा वर्ग को साथ लेकर चलने की तैयारी में है। वर्ष 2013 में रमन सिंह की तीसरी सरकार में दो नए लोगों को मौका मिला था।
लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर बनेगा मंत्रिमंडल : मंत्रिमंडल का विस्तार आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का स्पीकर बनना तय है। मुख्यमंत्री साय सरगुजा संभाग से हैं। डिप्टी सीएम के लिए जिन दो नामों की चर्चा हो रही है, उनमें अरुण साव बिलासपुर और विजय शर्मा दुर्ग संभाग से आते हैं। जबकि बस्तर से तीन से चार मंत्रियों के दावेदारों के नामों की चर्चा है। नए मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण बनाने का भी प्रयास होगा।
मोदी-शाह की मौजूदगी में नए सीएम लेंगे शपथ
नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शपथग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में 13 दिसम्बर को साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर 2 बजे होगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन सहित अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
एक साथ तय नहीं होगा मंत्रिमंडल
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सभी मंत्रियों के नामों की घोषणा एक साथ नहीं होगी। जाति व क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान रखकर एक साथ सभी मंत्रियों की घोषणा में मुश्किल हो सकती है, इसलिए मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम के अलावा एक-दो मंत्री ही शपथ लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।
उपमुख्यमंत्री- विजय शर्मा ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग।
इसलिए बनाएंगे : युवा चेहरा है। संगठन में अच्छी पकड़ है। हिंदुवादी नेता बनकर उभरे हैं।
उपमुख्यमंत्री- अरुण साव गृह, जेल, विधि विधायी कार्य विभाग।
इसलिए बनाएंगे : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया। साफ-सुथरी छवि है।