
रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीर सावरकर को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा कि सावरकर को वीर की उपाधि किसने दी।
देश के पहले गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए।
हमारे महापुरुषों का कद नाप रहे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जिन लोगों का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं था। जो लोग अंग्रेजों के साथ मिलकर सत्ता सुख भोग रहे थे, वो आज लगातार हमारे महापुरुषों के कद नाप रहे हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि अब हमें यह बताएं कि कश्मीर में धारा 370 को नरेन्द्र मोदी ने हटाया कि अमित शाह ने। इसका श्रेय किसको दिया जाए।
सावरकर को वीर किसने कह दिया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वल्लभभाई पटेल को सरदार की उपाधि गांधीजी ने दी थी। गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर ने गांधीजी को महात्मा कहा था। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि ये लोग सावरकर को वीर कहते हैं, वे वीर कैसे हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कालेपानी की सजा सैकड़ों लोगों को हुई। सुभाषचंद्र बोस और भगत सिंह को भी जेल की सजा हुई। उन दोनों ने तो रिहाई के लिए माफी नहीं मांगी। भूपेश बघेल ने तंज कसा कि सावरकर ने अंग्रेजों से माफी मांगी तो वीर कैसे हो गए।
सावरकर ने गांधीजी की हत्या की साजिश रची थी: भूपेश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले दिनों गांधीजी की जयंती की 150 वीं वर्षगांठ पर विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि वीर सावरकर ने गांधीजी की हत्या की साजिश रची थी। उन्होने यह भी कहा था कि महात्मा गांधी का हत्यारा नाथूराम गोडसे वीर सावरकर का शिष्य था।