
रायपुर. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया। दोपहर बाद से ही भाजपा के कार्यकर्ता गुढिय़ारी स्थित हनुमान मंदिर के पास जुटने लगे थे।
सडक़ों के किनारे बैठकर भी कार्यकर्ता अपने नेता का इंतजार करते दिखे। डेढ़ घंटे लेट आने के बाद भी कार्यकर्ताओं को उत्साह कम नहीं हुआ। उनकी रैली से शहर के कई हिस्सों में घंटों तक जाम लगा रहा। गुढिय़ारी मंदिर से खुले वाहन में शाह के साथ रायपुर के चारों विधानसभाओं के प्रत्याशी सवार थे। रोड शो का जगह-जगह बाजे-गाजे व आतिशबाजी व पटाखों से स्वागत किया गया।
महिलाओं ने आरती उतारी और गीत गाते हुए दीप प्रज्जवलित कर स्वागत किया। दोनों ओर उमड़े अपार जनसैलाब के अलावा लोग अपने घरों की छतों- दीवारों पर खड़े होकर स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा के साथ हाथ हिलाकर समर्थन प्रदर्शित किया। यात्रा गुढिय़ारी पड़ाव, शुक्रवारी बाजार, राम मंदिर मोड़, तेलघानी नाका, राठौर चौक, रामसागर पारा, सत्ती बाजार, सदर बाजार, मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंची।
मंदिर के अंदर नहीं गए शाह
यह उम्मीद जताई जा रही थी कि शाह गुढिय़ारी के हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद अपना रोड शो शुरू करेंगे, लेकिन जब वे वहां पहुंचे तो मंदिर के बाहर से ही वो खुली गाड़ी में सवार होकर निकल गए।