
रायपुर. कांग्रेस की ओर से अयोध्याकांड की मंथरा-कैकेयी बताए जाने के जवाब में भाजपा ने अरण्यकांड का पाठ शुरू कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने कांग्रेस को रावण बताया।
डॉ. जैन ने कहा, भगवान राम के वजूद को कांग्रेस ने नकारा है। हमें कैकेयी और मंथरा कहने वाली कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रावण है जो राममंदिर की राह में रोड़े अटका रही है। कैकेयी कहने पर बुरी तरह भडक़े जैन ने कहा कि कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल मारिच अथवा कालनेमि हैं क्या। कपिल सिब्बल इन राक्षसों की तरह हमेशा रूप बदलते रहते हैं। राम मंदिर को रुकवाने के लिए शपथपत्र दाखिल करते रहते हैं।
जन्मभूमि पर ही बनेगा राममंदिर
भाजपा महासचिव अनिल जैन ने कहा कि भाजपा का कहना है बिल्कुल साफ है। अयोध्या के राम जन्मभूमि पर ही राम मंदिर का निर्माण होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले में भ्रम फैला रही है।