छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
रायपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि नोटबंदी आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। जिसने 120 बेकसूर लोगों की जान बैंकों में लाइनों में चली गई। लाखों लोगों का रोजगार खत्म हो गया और नौकरियां छिन गई। उद्योग धंधा चौपट हो गए और वहां ताला लग गया।
वहीं, दूसरी तरफ भाजपा शासित राज्यों के सहकारी बैंकों में उनके नेताओं ने करोड़ों का कालाधन जमा करवा दिया। लेकिन, उनसे किसी ने पूछताछ तक नहीं की। आखिर यह कैसे हुआ इसका जवाब पीएम नरेंद्र मोदी को देना चाहिए। वह देश के चौकीदार नहीं लुटेरों के संरक्षक है।
सुरजेवाला प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी की दूसरी बरसी पर प्रधानमंत्री को अपनी चुप्पी तोडऩी होगी। देश के गरीब, किसान, मध्यमवर्ग, दुकानदार और कारोबारियों की कमाई लूटने वाली नोटबंदी की तारीफ में कसीदे पढ़ रहे है।
रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि नोटबंदी से ठीक पहले ही भाजपा और आरएसएस ने सैकड़ों करोड़ रुपए की संपत्ति पूरे देशभर में खरीद ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सत्ता आने पर वह पूरी मामले की जांच कराएंगे। साथ ही दोषी को सजा भी दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि नोटबंदी के बाद ही जम्मू कश्मीर में 86 बड़े उग्रवादी हमले और फरवरी 2018 तक 1030 माओवादी हमले हुए है। इसमें 114 जवान शहीद हो गए। साथ ही माओवादी और आंतकी हमलों में इजाफा हुआ है।
सरोज बोलीं- आम जनता को मिले नोटबंदी के ढेरों फायदे
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय ने कांग्रेस के आरोप पर पलटवार किया है। पाण्डेय ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नोट बंदी के फैसले से जहां देश की जनता को सीधा फायदा मिला है तो वहीं देश की अर्थव्यवस्था पर बेहद सकारात्मक असर पड़ा है। यह कदम पीएम मोदी की दूरदृष्टि का प्रतीक है। नोटबंदी के बाद से आम जनता के जीवन में सुखद परिवर्तन आया है। कालेधन पर नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा, नोटबंदी से छोटे-छोटे उद्योग धंधों का विकास हुआ और फर्जी कंपनियों की दुकानदारी बंद हुई।