रायपुर

छत्तीसगढ़ में IPL सट्टा 3 हजार करोड़ पार, रायपुर में करोड़ों के लेनदेन की जांच शुरू, 50 लाख कैश के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

IPL 2026 Betting Scam: इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान छत्तीसगढ़ में क्रिकेट सट्टा बाजार ने हजारों करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

2 min read
Feb 18, 2026
IPL सट्टा बाजार 3 हजार करोड़ पार, राजधानी में पुलिस का बड़ा एक्शन

IPL 2026 Betting Scam: इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान छत्तीसगढ़ में क्रिकेट सट्टा बाजार ने हजारों करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, सिर्फ एक बड़े मुकाबले में ही करीब 3 हजार करोड़ रुपये तक का दांव लगाया गया। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सट्टेबाजी का नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है।

IPL 2026 Betting Scam: कमिश्नरेट लागू होते ही ताबड़तोड़ कार्रवाई

राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद सटोरियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। होटल, फार्महाउस और पॉश कॉलोनियों में संचालित अड्डों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि पिछले एक सप्ताह में दर्जनों खाईवाल और सटोरियों के गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सट्टेबाज अब सीक्रेट ऐप और मास्टर आईडी के जरिए ऑनलाइन बेटिंग चला रहे हैं। कई मामलों में बैंक खातों में बड़ी रकम होल्ड कराई गई है।

50 लाख कैश के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने हाल ही में गंज थाना क्षेत्र से 50 लाख 35 हजार रुपये नकद के साथ चार सटोरियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वे ऑनलाइन सट्टा खिलाने और बेटिंग साइट्स की ऐप बेचने का काम कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने मास्टर आईडी के जरिए सट्टा संचालन की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की राशि फ्रीज कर दी है। साथ ही सट्टा खेलने वालों और ऐप खरीदने वालों की भी पहचान की जा रही है।

देशभर के सटोरियों का नेटवर्क सक्रिय

सूत्रों का कहना है कि बड़े क्रिकेट मुकाबलों, विशेषकर भारत-पाकिस्तान जैसे हाई-प्रोफाइल मैचों में सट्टा बाजार चरम पर पहुंच जाता है। क्रिकेट के हर बॉल और विकेट पर दांव लगाए जा रहे हैं। सटोरियों ने किराए के कमरे, होटल और यहां तक कि चलती गाड़ियों से भी संचालन किया। पुलिस का दावा है कि ड्रोन सर्विलांस, साइबर मॉनिटरिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए सटोरियों की लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, बड़े आकाओं तक पहुंचना अभी भी चुनौती बना हुआ है।

सख्त कार्रवाई के संकेत

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सट्टेबाजी और इससे जुड़े संरक्षणकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साइबर एक्सपर्ट और विशेष टीमों की मदद से नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। प्रदेश में बढ़ते सट्टा कारोबार ने कानून-व्यवस्था और युवाओं पर इसके दुष्प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की सख्ती के बावजूद डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा बाजार का विस्तार चुनौती बना हुआ है।

Published on:
18 Feb 2026 01:43 pm
Also Read
View All

अगली खबर