रायपुर

CG National Awards: छत्तीसगढ़ को मिले तीन अवार्ड, राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति के हाथों हुए सम्मानित

CG National Awards: छत्तीसगढ़ को उत्कृष्ट राज्य का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। वहीं, नगरीय निकाय श्रेणी में रायपुर नगर निगम को प्रथम स्थान मिला है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2025, 2:39 PM IST
CG National Awards: छत्तीसगढ़ को मिले तीन अवार्ड, राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति के हाथों हुए सम्मानित
छत्तीसगढ़ को मिले तीन अवार्ड (Photo Patrika)

CG National Awards: जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ को विभिन्न श्रेणियों में तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जल संचय, जन भागीदारी श्रेणी में भी छत्तीसगढ़ को उत्कृष्ट राज्य का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। वहीं, नगरीय निकाय श्रेणी में रायपुर नगर निगम को प्रथम स्थान मिला है।

इसके अलावा पूर्वी जोन के जिलों में विभिन्न श्रेणियों में बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद, बिलासपुर और रायगढ़ को भी जल संचय, जन भागीदारी अवार्ड से सम्मानित किया गया। विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार प्रदान किया।

इसमें छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले को पूर्वी जोन में सर्वश्रेष्ठ जिला, कांकेर जिले की डूमरपानी ग्राम पंचायत को श्रेष्ठ ग्राम पंचायत श्रेणी में तीसरा स्थान तथा रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल को सर्वश्रेष्ठ स्कूल श्रेणी में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ को उत्कृष्ट राज्य का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। छत्तीसगढ़ से जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण किया।

छत्तीसगढ़ को एक साथ तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार तथा ‘जल संचय-जन भागीदारी’ श्रेणी में उत्कृष्ट राज्य का द्वितीय स्थान मिलना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि हमारे किसानों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों, जल संसाधन विभाग, समाज के जागरूक नागरिकों और जनभागीदारी से आगे बढ़े जल संरक्षण जनआंदोलन का प्रतिफल है।

  • विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

जल संचय जनभागीदार 1.0 अभियान में बाजी मारते हुए रायपुर नगर निगम ने पहला स्थान हासिल किया गया है। ईस्टर्न जोन स्तर की कैटेगरी में रायपुर जिला तीसरे स्थान पर है।

ऐसे कार्य करने का दिया ब्योरा

राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि रायपुर जिला प्रशासन ने स्थानीय निकाय और जनसमुदाय के संयुक्त भागीदारी से हासिल करने का जिक्र किया है। जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया। निगमों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रायपुर नगर निगम ने 33 हजार 82 कार्य पूर्ण किए। रायपुर जिले में 36 हजार 282 कार्य पूर्ण किए एवं छत्तीसगढ़ ने 4,05,563 कार्य किए। इसमें मुख्य रूप से रेनवाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट्स, अमृत सरोवर, टॉप डैम और परकोलेशन टैंक का निर्माण शामिल है।

साथ ही तरल अपशिष्ट प्रबंधन में रायपुर में 4 एसटीपी से 206 एमएलडी क्षमता के प्लांट से नालों के पानी का शुद्धिकरण कर रहा है। 9 औद्योगिक इकाइयों को 125.849 एमएलडी शुद्ध जल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। रायपुर नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में वर्षा जल संचयन और रिचार्ज पिट्स का निर्माण किया गया। शहर के आसपास 20 से अधिक नए सरोवरों का पुनर्जीवन कार्य किया।

Updated on:
19 Nov 2025, 2:39 PM IST
Published on: