
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज रायपुर में है। वे यहां राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लेने पहुंची हैं। कार्यक्रम में 14 राज्यों के 35 शिल्पकारों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसी धरा पर आना सौभाग्य की बात है। देश के विभिन्न संस्कृतियों की झलक और कला का प्रदर्शन देखने को मिला। इस कार्यक्रम के माध्यम से कच्छ से लेकर कन्याकुमारी तक की संस्कृतियों को समझने का अवसर मिला। ईरानी ने कहा कि कई कलाकारों ने अपनी कला के लिए अपना जीवन आहूत कर दिया है।
ईरानी ने कहा कि हमारे देश में पीएम मोदी के काल में शिल्पकारों को पहचान मिली है। पिछले चार सालों में एक लाख 1 लाख 26 हजार करोड़ का समान देश के बाहर निर्यात हुआ है। इससे साफ है कि विश्व ने हमारे शिल्पकारों की आर्थिक ताकत को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि नेशनल ओपन स्कूल या नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी से शिक्षा हासिल करने वाले शिल्पकार या उनके बच्चों का फीस केंद्र सरकार वहन करेगी। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर शिल्पकार अपनी शिक्षा या बच्चों को शिक्षा दिलाना चाहे तो भारत सरकार 50 से 75 प्रतिशत तक की सहायता राशि दी जाएगी। हमने मुद्रा योजना के माध्यम से शिल्पकारों को आर्थिक बल देने का काम किया है।
इस मौके पर सीएम रमन सिहं भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर के संस्थान और ऑडिटोरियम तैयार किए हैं। जिससे आपको लगे कि दिल्ली में ही कार्यक्रम हो रहा है। शिल्पकार हमारी कला और संस्कृति के संवाहक हैं। जो हमारी कला को जीवित रखे हुए हैं। सीएम ने कहा कि हमने कला को बाजार मुहैया कराने के लिए देश के कई शहरों में एम्पोरियम बनाये गए हैं। माटी कला बोर्ड का गठन किया गया है। छत्तीसगढ़ हाट बनाया हैं और वहां 48 दुकान हमेशा खुले रहते हैं। सीएम ने कहा कि माटी कला हस्त शिल्प कला की ट्रेनिंग राज्य सरकार की तरफ से दी जाती है । इसके तहत 3 लाख तक लोन और डेढ लाख रुपए तक अनुदान दिया जाता है।