विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ ही तेलंगाना और आंध्रप्रदेश की फोर्स शामिल होगी।
रायपुर. विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ ही तेलंगाना और आंध्रप्रदेश की फोर्स शामिल होगी। तीनों ही राज्यों के इस अभियान के दौरान सीमांत इलाकों को सील करने के साथ ही नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जाएगी।
चुनाव के दौरान फोर्स की भूमिका को लेकर रायपुर के पुलिस लाइन स्थित पुलिस ऑफिसर मेस में संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। करीब 5 घंटे तक चली इस संयुक्त बैठक में छत्तीसगढ़ के स्पेशल डीजी नक्सल ऑपरेशन डीएम अवस्थी, स्पेशल डीजी सीआरपीएफ कुलदीप सिंह, तेलंगाना के डीजी महेंद्र रेड्डी, इंटेलिजेंस, आइजी ग्रे- हाउंड आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के साथ ही प्रभावित जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
स्पेशल डीजी नक्सल अभियान डीएम अवस्थी ने बताया कि ऑपरेशन से जुड़े अफसरों के साथ चर्चा में प्रमुख रूप से विधानसभा चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया गया। इस संबंध में आंध्रप्रदेश और तेलंगाना राज्य की खुफिया विभाग और पुलिस से जानकारी साझा की गई।
उन्होंने बताया कि आपसी तालमेल बनाकर हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा। मतदान के दौरान कोई बड़ी घटना या अप्रिय वारदात को रोकने के लिए जवानों की तैनाती की जाएगी। साथ ज्वाइंट ऑपरेशन भी चलाया जाएगा। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान होगा। इसमें पहला 12 नवंबर और इसके बाद 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं 7 दिसंम्बर को तेलंगाना के 119 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे।