रायपुर

छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की तैयारी तेज, शीतकालीन सत्र में पेश हो सकता है विधेयक, जानिए क्या बदलेगा?

Uniform Civil Code Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय समिति 30 नवंबर तक सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 11:18 AM IST
Chhattisgarh News
30 तक समिति सौंप सकती है रिपोर्ट (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@संतराम साहू। UCC Bill Chhattisgarh: प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार की कवायद अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति मसौदे को अंतिम रूप देने में जुटी है। समिति 30 नवंबर तक सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री ने भी यूसीसी प्रस्ताव को लेकर विधानसभा के शीत्रसत्र में विधेयक पेश करने के संकेत भी दिए हैं।

यदि विधेयक सदन में आता है तो यह केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं होगी, बल्कि इसके दायरे, प्रावधानों और सामाजिक प्रभावों को लेकर विधानसभा में व्यापक चर्चा की संभावना रहेगी। खासकर आदिवासी समाज की पारंपरिक विवाह व्यवस्था, रीति-रिवाज, प्रचलित कानून, उत्तराधिकार और धार्मिक-सामाजिक परंपराओं को लेकर सरकार का रुख महत्वपूर्ण होगा।

आदिवासी समाज की परंपराओं पर सबसे अहम सवाल

छत्तीसगढ़ में यूसीसी का स्वरूप तय करते समय आदिवासी समाज के हितों और संवैधानिक संरक्षण का मुद्दा सबसे संवेदनशील रहने वाला है। प्रदेश की आबादी में अनुसूचित जनजातियों की हिस्सेदारी करीब 32 प्रतिशत है। बस्तर, सरगुजा और अन्य आदिवासी अंचलों में विवाह, सामाजिक मान्यता, पारिवारिक संबंध और उत्तराधिकार से जुड़े कई विषय परंपरागत रीति-रिवाजों के आधार पर संचालित होते हैं।

ऐसे में विधानसभा में यह सवाल उठ सकता है कि समान नागरिक संहिता के दायरे में आदिवासी समाज को किस तरह रखा जाएगा। क्या जनजातीय समुदायों की पुरानी परंपराओं और प्रचलित कानून को संरक्षण मिलेगा। पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में ग्रामसभा की भूमिका और पेसा कानून के तहत प्राप्त अधिकारों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।

लिव-इन रिलेशनशिप पर भी बदल सकते हैं नियम

यूसीसी के प्रस्तावित मसौदे में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर होने वाले प्रावधान भी चर्चा के केंद्र में हैं। लिव-इन संबंधों का पंजीयन अनिवार्य करने और संबंध समाप्त होने की स्थिति में उसकी सूचना संबंधित रजिस्ट्रार को देने जैसी व्यवस्थाओं पर विचार किया जा रहा है। हालांकि ये अभी प्रस्तावित प्रावधान हैं, अंतिम कानून नहीं। यदि ऐसे प्रावधान मसौदे में शामिल होते हैं तो विवाह के बिना साथ रहने वाले युवक-युवतियों को अपने संबंधों का सरकारी रेकॉर्ड दर्ज कराना पड़ सकता है। संबंधों की शुरुआत और समाप्ति की प्रक्रिया, साथी की सहमति, निजता, महिलाओं के भरण-पोषण और ऐसे संबंधों से जन्म लेने वाले बच्चों के अधिकार जैसे सवाल भी महत्वपूर्ण होंगे।

विवाह, तलाक और संपत्ति में समान अधिकार का सवाल

यूसीसी के दायरे में विवाह का पंजीयन, तलाक की प्रक्रिया, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे विषय भी शामिल हैं। अलग-अलग धर्मों में प्रचलित व्यक्तिगत कानूनों के स्थान पर समान नागरिक प्रावधान तैयार करना समिति की जिम्मेदारी है। इसमें बहुविवाह, महिलाओं के संपत्ति अधिकार, तलाक के बाद भरण-पोषण और बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार जैसे विषयों पर भी चर्चा महत्वपूर्ण होगी। इसके साथ ही अलग-अलग समुदायों की धार्मिक मान्यताओं और व्यक्तिगत कानूनों के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण विषय रहेगा।

Updated on:
26 Nov 2026, 11:18 AM IST
Published on: