
रायपुर . अटल नगर में सेक्टर-21 में तेज रफ्तार बीआरटीएस (बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) बस ने स्कूल से लौट रहे बच्चों की बस को जोरदार टक्कर मार दिया, इससे दो छात्राओं सहित तीन की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में डेढ़ दर्जन बच्चों को चोटें आई हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चे बस से छिटक कर दूर जा गिरे। बस का सामने वाला शीशा टूटकर बिखर गया।
हादसे से घबराए बच्चे चीख पुकार मचाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस से कूदकर नीचे उतरे। पुलिस के मुताबिक अटल नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के बच्चों को लेकर बस सीजी 04 ई 1732 माना कैंप आ रही थी। बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। दोपहर करीब 12.15 बजे बस कयाबांधा चौक पहुंची। बस चौक से मुड़ रही थी कि मंत्रालय की ओर से आ रही तेज रफ्तार बीआरटीएस बस सीजी 04 ईए 1387 ने जोरदार टक्कर मार दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस का सामने वाला हिस्सा घूमकर दूसरी ओर हो गया। बस में सवार पांचवीं की छात्रा दुर्गेश्वरी धु्रवा (15), तीसरी की छात्रा एनी कुर्रे (12), बस कंडक्टर नरसिंह सोनी (19) छिटककर दूर जा गिरे। सिर व चेहरे में गंभीर चोट लगने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। छात्राओं के पिता छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल चौथी बटालियन के जवान हैं और माना कैंप में रहते हैं।
रफ्तार में थी सिटी बस
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय से आ रही बस की रफ्तार चौक पर ब्रेकर होने की वजह से धीमी हो गई थी, जबकि मंत्रालयीन कर्मियों को छोडक़र खाली आ रही सिटी बस पूरी रफ्तार में थी। दोनों ही बस ड्राइवरों में सांकेतिक सामंजस्य नहीं होने की वजह से यह हादसा हो गया।