
रायपुर. किसानों की कर्जमाफी को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुताबिक कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के किसानों से जो वादा किया था, उसे निभाया है।
कर्जमाफी का किया था वादा
कांग्रेस ने वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे अपने मेनिफेस्टो में भी शामिल किया था। पीसीसी अध्यक्ष के रूप में भूपेश बघेल ने विधानसभा चुनाव में किसानों के बीच जाकर कर्जमाफी की बात प्रमुखता से रखी थी।
भारी बहुमत से जीती कांग्रेस
छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने 15 साल से सत्तारूढ़ भाजपा की रमन सिंह सरकार को उखाड़ फेंका। कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटें जीती। तत्कालीन पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल मुख्यमंत्री चुने गए। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही भूपेश बघेल ने ऐलान किया कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी।
16 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ
भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ के 16.65 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ कर दिया। सरकार द्वारा करीब 1600 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया।
हर बार कर्ज नहीं होगा माफ
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ किया है कि किसानों का कर्ज अब माफ नहीं होगा। सीएम भूपेश बघेल ने 22 अक्टूबर को कहा कि इस साल कर्ज माफ किया जा चुका है, यह हर बार नहीं होगा।