
रायपुर . कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने सरकार पर सीबीआइ के राजनीतिक इस्तेमाल की आशंका जताई है। संवाददाताओं से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा, क्या यह संयोग मात्र है कि बुधवार को 3-4 बजे मुख्यमंत्री रमन सिंह अंतागढ़ में सीडी कांड के बारे में बयान देते हैं। उसी दिन साढ़े पांच बजे उन्हें सीबीआइ का समन मिलता है कि 7 बजे पूछताछ के लिये आइये। भूपेश बघेल ने कहा, सरकार एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है ऐसा पूरे देश में हो रहा है। उन्होंने कहा, अब कर्नाटक की स्थिति देखने के बाद से यहां इस प्रकार से कर रहे है, इस संभावना से इसलिये मैं इंकार नहीं करता।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, जब भी कोई बड़ी बात होती है तो कांग्रेस खुद बोलती है कि सीबीआइ से जांच करवाएं। अब सीबीआइ जांच कर रही है तो उनको लगता है कि सीबीआइ जांच क्यों कर रही है, यह तो अजीब स्थिति है। मुख्यमंत्री ने कहा, जिसने सीडी दिखाया है, उनसे नहीं पूछेंगे तो किससे पूछेंगे। पूछने के लिए तो बुलाया ही जाएगा। किसी दूसरे को बुलाकर पूछने से काम तो होगा नहीं। सीबीआइ केस से जुड़े सभी लोगों से पूछ रही है, यह एक प्रक्रिया है।
कांग्रेस ने बताया संकल्प यात्रा में बाधा
कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा, सभी को मालूम है कि वे गुरुवार को दंतेवाड़ा जा रहे हैं। 25 मई को संकल्प यात्रा शुरू करेंगे। इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है कि कांग्रेस की संकल्प यात्रा में बाधा डालने के लिये की गई हरकत है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा, झीरम घाटी हमले की पांचवी बरसी पर संकल्प यात्रा के कार्यक्रम से सरकार डरी हुई है। इसलिए सीबीआइ का इस्तेमाल कर कांग्रेस पर दबाव बना रही है। राजनैतिक प्रतिशोध के लिए सरकार ने अपने तोते को आगे किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह सहित तीन लोगों से सीबीआइ ने की पूछताछ
सेक्स सीडी कांड में सीबीआइ ने लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रखी। गुरुवार को कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह और दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस ट्रांजिट मेस बुलाया गया। कांग्रेस नेता के अलावा दो लोग भिलाई के एक कारोबारी के सहयोगी बताए जा रहे हैं। तीनों से अलग-अलग पूछताछ हुई और उनके बयान रिकॉर्ड किए गए। वहीं बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के बयान की जानकारी सीबीआइ मुख्यालय को भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि एजेंसी इस पूछताछ में सीडी के स्रोत और उसे पहली बार सार्वजनिक करने वाले व्यक्ति की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा बोली - बरगलाने के लिए आरोप
भाजपा प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने कहा कि खाली बैठे कांग्रेसियों को उल-जूलूल हरकतों के अलावा कुछ नही सूझता। सीबीआइ द्वारा भूपेश बघेल और अन्य नेताओं को तलब किया जाना कांग्रेसियों की अपनी करनी का फल है। प्रदेशभर में अभी विकास यात्रा चल रही है। जगह-जगह मिलने वाले जनसमर्थन से कांग्रेसी भयभीत हैं। विकास खोजो जैसे फ्लॉप शो से निराश कांग्रेस नेता अब जनता को बरगलाने के लिए सीबीआइ पर आरोप लगा रहे हैं। शर्मा ने कहा, एेसी संस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाकर कांग्रेसी परिपक्व ना होने का परिचय ही दे रहे हैं।