रायपुर

केरल बाढ़: मदद के लिए आगे आया छत्तीसगढ़, कांग्रेस विधायक भी देंगे एक माह का वेतन

केरल में बाढ़ के चलते लगातार खराब हो रहे हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार मदद करने के लिए आगे आयी। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए हर संभव सहायता की पेशकश की।

2 min read
Aug 18, 2018
केरल बाढ़: मदद के लिए आगे आया छत्तीसगढ़, कांग्रेस विधायक भी देंगे एक माह का वेतन

रायपुर. केरल में बाढ़ के चलते लगातार खराब हो रहे हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार मदद करने के लिए आगे आयी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने शनिवार को केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन से फोन पर बात की और वहां के हालात के बारे में जाना।

केरल में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए हर संभव सहायता की पेशकश की। केरल में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ से केरल के कई इलाकों में हाहाकार है। कई दशकों बाद आई इस बाढ़ की विभीषिका ने अपना विकराल रूप दिखाया है, जिसमें अब तक 324 लोगों की मौत हो गई है। जबकि बड़ी संख्या में लोगों को घरों को छोड़ राहत शिविरों में शरण लेना पड़ रहा है।

कांग्रेस विधायक भी देंगे एक माह का वेतन
कांग्रेस के विधायक भी केरल में आई इस आपदा को लेकर मदद करने के लिए आगे आए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में फैसला लिया गया कि पार्टी विधायक और सांसद अपना एक माह का वेतन केरल के राहत कोष में देंगे।

छत्तीसगढ़ नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर कहा कि केरल में भीषण बाढ़ से हो रहा जान-माल का नुकसाल बेहद ही चिंताजनक है। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार अपना 1 माह का वेतन राहत कोष में दान करने का निर्णय लिया है। केरल की जनता पर छाई इस मुसीबत की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है।

पीएम मोदी ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में भारी बारिश और बाढ़ के चलते हुए नुकसान और तबाही का जायजा लेने के लिए शनिवार को हवाई सर्वेक्षण किया। इससे पहले खराब मौसम के कारण मोदी के हवाई सर्वेक्षण को रोकना पड़ गया था। कोच्चि नौसेना एयरबेस में भारी बारिश के चलते प्रधानमंत्री के हवाई सर्वेक्षण को रोकना पड़ा था।

हवाई सर्वेक्षण रद्द होने के बाद मोदी ने राज्यपाल पी. सतशिवम, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और राज्य में व्यापक विनाश की एक वीडियो क्लिप देखी। मोदी शुक्रवार रात राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचे और फिर सुबह कोच्चि के लिए रवाना हो गए।

ये भी पढ़ें

उफनते नाले में फंसे आदिवासियों के लिए फरिश्ता बने पुलिस जवान, नक्सली खौफ के बीच बचाई जान, देखिए तस्वीरों में

Updated on:
18 Aug 2018 05:58 pm
Published on:
18 Aug 2018 05:18 pm
Also Read
View All