रायपुर

बड़ी सौगात: अब एक क्लिक में मिलेगा रोजगार और करियर गाइडेंस, CM साय ने शुरू किया नया पोर्टल

Ham Honge Kamyab 2.0 Portal: छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल लॉन्च किया।
2 min read
May 24, 2026
Sai Cabinet Decision
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Photo Patrika)

CM Sai New Portal: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल की शुरुआत करते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया। इस पोर्टल का शुभारंभ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान किया गया।

CM साय ने कही यह बात

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल और सही मार्गदर्शन भी जरूरी है। इसी सोच के साथ यह डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, ताकि युवाओं को एक ही जगह पर नौकरी, प्रशिक्षण और करियर संबंधी सभी सुविधाएं मिल सकें।

एक मंच पर नौकरी से लेकर करियर काउंसलिंग तक

‘हम होंगे कामयाब 2.0’ पोर्टल युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी कई सुविधाओं को एक साथ उपलब्ध कराएगा। इस प्लेटफॉर्म पर नौकरी के अवसरों के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम, करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। खास बात यह है कि इसमें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की नौकरियों को शामिल किया गया है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पोर्टल पर अब तक 468 युवाओं का पंजीयन हो चुका है। वहीं 513 रिक्त पदों और 21 अलग-अलग ट्रेड्स की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसमें सीमेंट प्लांट सहित कई निजी कंपनियों और शासकीय संस्थानों की नौकरियां जोड़ी गई हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

8वीं पास से उच्च शिक्षित युवा तक उठा सकेंगे लाभ

इस पोर्टल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सरल और पारदर्शी व्यवस्था मानी जा रही है। 8वीं पास युवाओं से लेकर उच्च शिक्षित अभ्यर्थी तक अपनी योग्यता और अनुभव के अनुसार सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है, जिससे बिचौलियों और एजेंटों की भूमिका खत्म होगी।

सरकार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों द्वारा करियर मार्गदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

कंपनियां सीधे युवाओं से कर सकेंगी संपर्क

प्रशासन का कहना है कि यह पोर्टल सिर्फ युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि कंपनियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। इसके जरिए औद्योगिक संस्थान और कंपनियां सीधे योग्य उम्मीदवारों से संपर्क कर सकेंगी। साथ ही फर्जी जॉब ऑफर और साइबर ठगी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पोर्टल को शासकीय विभागों और विश्वसनीय संस्थानों से जोड़ा गया है।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
24 May 2026 04:45 pm
Published on:
24 May 2026 03:16 pm