
Rahul Gandhi Statement: कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुुल गांधी के अलग-अलग बयानों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हमलावर हो गए हैं। मीडिया से बात करते हुए सीएम साय ने हमला बोलते हुए आचरण पर संयम रखने की नसीहत दे डाली। इससे पहले सीएम साय ने राहुल गांधी को लेकर कहा था कि वे जहां भी जाते हैं कांग्रेस का बंठाधार हो जाता है। वहीं आज एक बार राहुल गांधी को लेकर सीएम साय ने जोरदार हमला बोला है।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के राजनैतिक बयानबाजी को लेकर कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और इतने बड़े नेता को इस तरह से करना शोभा नहीं देता है। वे अपने आचरण और व्यवहार से पूरे देश में एक्सपोज हो रहे हैं। यह कतई उनके लिए उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान का वीडियो एक्स पर शेयर किया है।
इससे पहले रविवार को ओडिशा रवाना होने से पहले सीएम साय ने राहुल गांधी के पूर्व दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि जिन-जिन जगहों पर राहुल गांधी गए, वहां कांग्रेस का बंठाधार हुआ। उन्होंने राहुल गांधी के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर भी इसी तरह की टिप्पणी की। कहा, उनका पिछला रिकॉर्ड उठाकर देख लीजिए। वे जहां-जहां गए हैं, वहां कांग्रेस को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ है।
देश की जनता लगातार कांग्रेस की राजनीति को देख और समझ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, अभी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव परिणाम भी हमारे सामने हैं। सीएम साय ने कहा, छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई एक भी केंद्रीय पद नहीं जीत सकी। ये चुनाव परिणाम अपने आप में बहुत कुछ कहते हैं। उन्होंने कहा, देश का यवा बहत जागरूक है।