प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में BJP ने चुनावी दांव खेल दिया है। राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए अपनी पीठ भी थपथाई, कांग्रेस को विकास विरोधी भी करार कर दिया।
रायपुर . भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने अपना बड़ा चुनावी दांव खेल दिया है। राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए न केवल अपनी पीठ थपथाई, बल्कि कांग्रेस को विकास विरोधी भी करार कर दिया। किसानों को शराबी कहने वाले बयान की निंदा करते हुए कार्यसमिति ने कांग्रेस को सकारात्मक राजनीति कर प्रदेश के विकास में सहभागी बनने की नसीहत भी दी। वहीं मुख्यमंत्री ने भी स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी विकास को ब्रह्मास्त्र बनाकर ही आम जनता के बीच जाएगी। पूरी कार्यसमिति में किसान और कांग्रेस प्रमुखता से छाए रहे।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, अन्नदाताओं के जीवन में खुशहाली लाने के लिए सरकार ने 2100 करोड़ रुपए का बोनस दिया। आज किसानों के चेहरे पर जो प्रसन्नता की चमक दिखाई देती है, वह जनता के प्रति प्रतिबध्दता का पुरस्कार है। विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, तीन चुनावों से नकारा जा चुका विपक्षी दल झूठे आरोप लगाकर विरोध कर रहा है। कांग्रेस राजनीतिक विरोध में लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाओं का उल्लंघन करते हुए कह रही है कि किसान इस बोनस के पैसे से शराब का सेवन करेंगे, जिसकी हम घोर निंदा करते है। धान बोनस के बाद अब हम तेंदूपत्ता बोनस एवं चरण पादुका वितरण भी करने जा रहे हैं। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, रामविचार नेताम, विष्णुदेव साय, रामप्रताप सिंह, संगठन महामंत्री पवन साय सहित मंत्री और पदाधिकारी शामिल थे।
सौदान बोले, हारे प्रत्याशियों को भी जोड़े
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा, हमारे विजय हुए सरपंचों, नगर निगम के पार्षदों और इन निकायों में पराजित प्रत्याशियों को भी जिम्मेदारी देते हुए पार्टी के कार्यक्रमों से जोडऩा हैं। अब सब कार्यक्रम बड़े ही होना चाहिए। समयदानी कार्यकर्ताओं का भी सम्मेलन करने की आवश्यकता है।
लक्ष्य भेदने की कला जानते हैं हम
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा हम सब को मिशन 66 में जुट जाना होगा। हमें लक्ष्य भेदने की कला बेहतर तरीके से आती है। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा विकास के कार्यक्रमों का विरोध करते समय प्रयोग करने वाले अपमानजनक शब्दों से परहेज करने की सलाह दी।
रमन पेनल्टी स्ट्रोक से दागेंगे गोल
बैठक में मंत्री अजय चंद्राकर ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश करते हुए सौदान सिंह को कोच और रमन को खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा, हमारे पास सौदान सिंह जैसे राष्ट्रीय स्तर का अच्छा कोच है और डॉ. रमन सिंह चौथी बार भी पेनल्टी स्ट्रोक से गोल पोस्ट में गोल दागेंगे। प्रस्ताव का समर्थन करते हुए विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा, भाजपा ने किसान कर्ज में जन्म लेता है और कर्ज में दम तोड़ देते हैं, जैसी विचारधारा को बदलने का काम किया।
प्रदेश में सिर्फ भाजपा नेताओं का विकास
भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव का कांग्रेस ने पुरजोर विरोध किया। कांग्रेस मीडिया सचिव सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस को विकास विरोधी बताकर प्रस्ताव पारित कर देने से भाजपा का भ्रष्टाचार छिप नहीं सकता। प्रदेश में विकास तो सिर्फ भाजपा के चंद नेताओ का हुआ है और कांग्रेस इनका शुरू से विरोधी रहा है।
पार्टी चलाने कार्यकर्ताओं से जुटाएगी 60 करोड़
बैठक में पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बड़ा फंड एकत्र करने का फैसला लिया। इस फंड की मदद से पार्टी अपना खर्च चलाएगी। इसके लिए भाजपा १० लाख सदस्यों को आजीवन सदस्य बनाने की तैयारी है। इनसें एक-एक हजार रुपए की राशि ली जाएगी। इस हिसाब से यह राशि करीब १०० करोड़ होती है, लेकिन पदाधिकारियों का मानना है कि आंकड़ा आगे पीछे हो सकते हैं। यही वजह से पार्टी ने 60 करोड़ रुपए का चंदा एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। खास बात यह है कि किसी भी सदस्य से यह राशि नगद नहीं ली जाएगी। पारदर्शिता के लिए सभी से राशि चेक या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से ली जाएगी।