रायपुर

Winter 2024: प्रदेश में अचानक बढ़ी ठंड, अंबिकापुर में पारा 10.4 डिग्री पर पहुंचा

Winter 2024: छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। वहीं, सुकमा में बादल नहीं छाने के कारण प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान वाला शहर बन गया है।

2 min read
Nov 16, 2024
Winter 2024
Winter 2024

Winter 2024: प्रदेश के उत्तर में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। अंबिकापुर, जशपुर, बलरामपुर में पारा 10 डिग्री पर आ गया है। यह सामान्य से कम है। दो डिग्री तापमान और गिरने पर वहां शीतलहर चल सकती है नवंबर के तीसरे सप्ताह में ही शीतलहर जैसी बात चौंकाने वाली है। दरअसल, प्रदेश में उत्तर से हवा आनी शुरू हो गई है। इसलिए न केवल उत्तर, बल्कि मध्य छग में भी पारा गिर गया है।

शुक्रवार को रायपुर में न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 5 दिनों में उत्तर को छोड़कर प्रदेश के बाकी इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से दो डिग्री तक गिर सकता है।

प्रदेश में ठंड अचानक बढ़ गई है। राजधानी में भी ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि गुरुवार व शुक्रवार का न्यूनतम तापमान समान रहा। रात में हल्की ठंड की दस्तक के बाद लोगों को लगने लगा है कि इस बार कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। प्रदेश में सबसे कम तापमान बलरामपुर में 10.1 डिग्री रहा। वहीं, अंबिकापुर में पारा 10.4 डिग्री पर रहा। चौंकाने वाली बात ये है कि रायपुर में न्यूनतम तापमान जगदलपुर से भी कम है। जगदलपुर में पारा 19 डिग्री पर है, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। वहीं, सुकमा में बादल नहीं छाने के कारण प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान वाला शहर बन गया है। वहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहा। जबकि, यह पहाड़ी इलाका है। वहीं, मैदानी व शहरी इलाके वाले रायपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री है। ये तापमान भी चौंकाने वाला है, क्योंकि नवंबर में सुकमा व जगदलपुर का तापमान रायपुर से ज्यादा हो, ऐसा कम ही होता है।

Published on:
16 Nov 2024 09:51 am