CG Weather Update: प्रदेश का उत्तरी क्षेत्र, विशेषकर सरगुजा संभाग, कड़ाके की ठंड की चपेट में है, जहां एक-दो स्थानों पर शीतलहर जैसी स्थिति दर्ज की गई है।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठंड का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश का उत्तरी क्षेत्र, विशेषकर सरगुजा संभाग, कड़ाके की ठंड की चपेट में है, जहां एक-दो स्थानों पर शीतलहर जैसी स्थिति दर्ज की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में भी सूर्यास्त के बाद ठंड तेजी से बढ़ जाती है और यह असर सुबह करीब 7 बजे तक बना रहता है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े, स्वेटर और जैकेट का उपयोग कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन उत्तर छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं शीतलहर चल सकती है।
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। इससे साफ है कि सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा है।
रायपुर का तापमान सामान्य से कम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। सुबह की आर्द्रता 76 प्रतिशत और शाम को 48 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि हवा की औसत गति 2 किमी प्रति घंटा रही।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी ठंड का असर देखा गया। माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री, बिलासपुर में 11 डिग्री, पेंड्रारोड में 7 डिग्री, जगदलपुर में 9.5 डिग्री और दुर्ग में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं शीतलहर चल सकती है। लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शुष्क रहने के साथ हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। ठंड का असर सुबह और रात के समय अधिक महसूस किया जा सकता है।