रायपुर

छत्तीसगढ़: 27 कलेक्टरों और टॉप अफसरों की होगी परीक्षा, पास हुए तो कराएंगे चुनाव

छत्तीसगढ़ के चुनाव इतिहास में ये पहला मौका होगा जब इलेक्शन ड्यूटी के पहले कलक्टरों सहित टॉप अफसरों को परीक्षा देना होगा
2 min read
• •
Updated: 27 Jul 2018, 8:10 PM IST
CG News
छत्तीसगढ़: 27 कलेक्टरों और टॉप अफसरों की होगी परीक्षा, पास हुए तो कराएंगे चुनाव

रायपुर. छत्तीसगढ़ के चुनाव इतिहास में ये पहला मौका होगा जब इलेक्शन ड्यूटी के पहले कलक्टरों सहित टॉप अफसरों को परीक्षा देना होगा। लिखित परीक्षा पास कर अफसरों को ये साबित करना होगा,कि वो चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं या नहीं। ये परीक्षा शनिवार को होगी। इस परीक्षा में सभी 27 कलक्टर और एआरओ शामिल होंगे। निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सभी 27 कलक्टर और करीब 300 चुनाव अधिकारियों के लिए ये परीक्षा प्रदेश के तीन संभाग मुख्यालयों रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में आयोजित की जायेगी। पूरी परीक्षा भारतीय निर्वाचन आयोग की देखरेख में आयोजित होगी, जिसके लिए पर्यवेक्षक दिल्ली से रायपुर पहुंच चुके हैं। वहीं भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से ही प्रश्नपत्र भी दिल्ली से ही भेजा गया है, जो संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचा दिये गये हैं।

कर्नाटक में पहले ही हो चुका है चुनाव

पहले कर्नाटक चुनाव में इस तरह की परीक्षा भारत निर्वाचन आयोग ले चुका है। फ्री एंड फेयर इलेक्शन पालिसी के तहत भारत निर्वाचन आयोग ने कर्नाटक के बाद छत्तीसगढ़़ में भी इलेक्शन ड्यूटी के लिए अफसरों को परख रहा है, कि वो चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं या नहीं। चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक परीक्षा परिणाम को सार्वजनिक तो नहीं किया जायेगा, लेकिन ये तय है कि परीक्षा परीक्षा परिणाम के आधार पर ही ये तय किया जायेगा, कि अफसरों की चुनाव ड्यूटी में भूमिका क्या होगी।

कर्नाटक में आधे आइएएस अफसर परीक्षा में हो गये थे फेल
परीक्षा को कलक्टर सहित एआरओ काफी गंभीरता से ले रहे हैं, जानकारी के मुताबिक कर्नाटक में जब पिछली दफा परीक्षा ली गयी थी, तो वहां आधे से ज्यादा कलक्टर परीक्षा पास नहीं कर पाये थे। लिहाजा छत्तीसगढ़ के कलक्टरों में भी इस परीक्षा को लेकर काफी चर्चा हैं और इस परीक्षा को लेकर वो बेहद संजीदा भी हैं।

चुनाव प्रक्रियाओं से संबंधित होंगे सवाल
जानकारी मिली है कि परीक्षा के प्रश्न पत्र में चुनाव प्रक्रिया, नामांकन, कोड आफ कंडक्ट, रिटर्निंग अफसरों की जिम्मेदारी, चुनाव को लेकर भारतीय संविधान में उल्लेख सहित उम्मीदवारों के लिए तय किये गये मापदंड, अधिकारों पर सवाल पूछे जायेंगे।

3 संभाग मुख्यालयों में होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ के 27 कलक्टर और 300 से ज्यादा अफसर प्रदेश के 3 संभाग मुख्यालयों में परीक्षा देंगे। रायपुर के अलावा बिलासपुर और जगदलपुर संभाग मुख्यालयों में ये परीक्षा होगी। परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है।

कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा

जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक पर्यवेक्षक की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जायेगी। इस परीक्षा में दिल्ली से पर्यवेक्षक आए हुए हैं। इस परीक्षा में परीक्षार्थी किसी भी तरह के इलेक्ट्रानिक डिवाइस भी नहीं ले जा पायेंगे।

Published on: