रायपुर

कांग्रेस संगठन में नियुक्ति की कवायद अंतिम दौर में, प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली रवाना

- प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम गए दिल्ली- एक-दो दिन में जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों के नामों की घोषणा होने की उम्मीद

less than 1 minute read
Dec 05, 2020
congress.jpg

रायपुर. कांग्रेस में संगठन विस्तार की कवायद अंतिम दौर में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी दिल्ली प्रवास पर है। माना जा रहा है कि उनके दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद संगठन का विस्तार होगा। पहले जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद ही प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों का नम्बर आएगा।

कांग्रेस में संगठन विस्तार की कवायद लंबी समय से चल रही है। इसे लेकर पिछले दिनों प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की मौजूदगी में अहम बैठक हुई थी। इसमें पदाधिकारियों का फार्मूला तय करने के बाद मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक और बैठक हुई। इसमें जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा करने के बाद एक तरह से सहमति बनी।

अब सीएम हाउस में ही अगली बैठक 8 दिसम्बर को होनी है। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों के नामों के अलावा निगम-मंडलों के दावेदारों पर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि एक व्यक्ति एक पद फार्मूला लागू होने के बाद संगठन में अहम बदलाव हो सकते हैं।

2023 पर फोकस
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन को दो साल पूरे होने पर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 17 दिसम्बर 2018 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब तीन साल और शेष बचे हैं। यही वजह है कि कांग्रेस अगली बार सत्ता में आने की रणनीति पर अभी से काम शुरू कर दिया है। संगठन और निगम-मंडल की कुर्सियों का बंटवारा 2023 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

Published on:
05 Dec 2020 12:00 am