महंगाई, बेरोजगारी, अग्निपथ योजना, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी के खिलाफ प्रदर्शन।
रायपुर। कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, अग्निपथ योजना, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाए जाने के विरोध में धरना दिया। राजधानी के आंबेडकर चौक में धरना-प्रदर्शन की शुरुआत हुई। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। धरना-प्रदर्शन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट होकर राजभवन का घेराव करने निकले, इस बीच पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन जाकर ज्ञापन सौंपा।
हम जनता के हक के लिए लड़ रहे: सीएम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आंदोलन कर रही है। इस वजह से कांग्रेस नेताओं को ईडी नोटिस देकर बुला रही है। महंगाई की मार से आपकी जेब से पैसा निकल कर मोदी सरकार तक जा रहे हैं। लेकिन मजदूर, किसान, नौजवान को राहत नहीं। उन्होंने कहा, आज हर कांग्रेसी जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। महंगाई के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। देश के हक के लड़ाई लड़ रहे हैं। आज मोदी सरकार राहुल गांधी और सोनिया गांधी से लड़ रहे है। आज जनता को तय करना है कि देश में सोनिया गांधी, राहुल गांधी सही है या मोदी सही है। राहुल गांधी मजदूर के बात करते, नौजवान के बात करते है, महिलाओं की बात करते है। एक तरफ कांग्रेस तो दूसरी तरफ मोदी और शाह का रास्ता है। जो महंगाई के माध्यम से नौकरी को खत्म करके, आपके अधिकार को खत्म करने के कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान मंत्री कवासी लखमा, मंत्री अनिला भेड़िया, प्रभारी महामंत्री संगठन अमरजीत चावला, अनिता शर्मा, रश्मि सिंह, कुलदीप जुनेजा, शकुंतला साहू, सुशील आनंद शुक्ला, एजाज ढेबर, सुबोध हरितवाल, गिरीश दुबे, उधो वर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर, चौलेश्वर चंद्राकर, आदि मौजूद थे।
मोदी सरकार में हर चीज महंगी: मरकाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, आज हर चीज मोदी सरकार ने महंगी कर दी है। भाजपा ने 2014 में कहा था कि अच्छे दिन आएंगे। सत्ता आने के बाद हर चीजों की कीमत बढ़ी है। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि देश में महंगाई कम हो। पेट्रोल डीजल में एक्साइज ड्यूटी लगाकर आम जनता के जेब में डाका डालने का काम कर रही है।