रायपुर

CG News: ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए कांस्टेबल और कारोबारी, बड़ी कमाई का लालच देकर 58.19 लाख की ठगी

CG News:फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए पीडि़तों से बातचीत की। इसके बाद उन्हें क्रिप्टो और शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर काफी पैसे लगवाए। दोनों मामले में कुल 58 लाख 19 हजार 720 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है।
2 min read
Mar 16, 2026
CG News: अनजान मैसेज को ओपन करना पड़ा महंगा, सीए के अकाउंट से 3 लाख से ज्यादा पार
ठगी (photo-patrika)

CG News: @नारद योगी । ऑनलाइन ठगी थमने का नाम नहीं ले रही है। सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन बड़ी कमाई का लालच दिखाकर सिपाही और कारोबारी से लाखों रुपए ठग लिए गए। इसकी शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसमें आरोपियों ने पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए पीडि़तों से बातचीत की। इसके बाद उन्हें क्रिप्टो और शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर काफी पैसे लगवाए। दोनों मामले में कुल 58 लाख 19 हजार 720 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है।

पहला मामला

फेसबुक के जरिए की दोस्ती

महावीर कॉलोनी में रहने वाले सुशील अग्रवाल से श्रेया सक्सेना नाम की महिला ने नवंबर 2025 में फेसबुक के जरिए दोस्ती की। खुद को लंदन की रहने वाली बताया। कुछ दिनों बाद दोनों में फोन और वॉट्सऐप के जरिए बातचीत होने लगी। इस दौरान उसने सुशील को बताया कि वह एक डिजिटल क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफार्म के नाम से अपने भाई के साथ मिलकर ट्रेडिंग का काम करती है।

इसमें उसे भी निवेश करने के लिए कहा। सुशील ने इनकार कर दिया, लेकिन वह इमोशनली दबाव डालकर उससे निवेश कराना शुरू कर दिया। निवेश के शुुरुआती दो दिन उसे 15000 का फायदा हुआ। इसके बाद एक अन्य टेलीग्राम ग्रुप बनाया। इसके जरिए जो भी फायदा होगा, उसका 15 फीसदी सर्विस चार्ज के रूप में देने के लिए कहा गया। इसके बाद सुशील ने श्रेया के बताए हुए अलग-अलग बैंक खातों में अपने दो खातों के जरिए रकम जमा करना शुरू की। उसने कुल 56 लाख 23 हजार 721 रुपए ऑनलाइन, यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से जमा किए, लेकिन रिटर्न उसे कुछ नहीं मिला। ठगी का एहसास होने पर इसकी शिकायत उन्होंने राजेंद्र नगर थाने में की। पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना में लिया।

दूसरा मामला

झांसे में आया सिपाही

सिपाही अजय रत्नाकर भी साइबर ठगों के झांसे में आ गया। टेलीग्राम में उन्हें जॉली का मैसेज आया। दोनों के बीच बातचीत हुई। उसने कलर ट्रेडिंग से भारी लाभ होना बताया। इससे जुड़ी कुछ स्क्रीन शॉट भी उसे भेजी गई। इससे सिपाही अजय प्रभावित हो गया। इसके बाद उसके नाम से वर्चुअल अकाउंट बनाकर रिचार्ज और डिपाजिट करने का तरीका बताया गया। इसके बाद ट्रेडिंग के नाम पर सिपाही से पैसा जमा कराना शुरू कर दिया। सिपाही भी ज्यादा मुनाफे के चक्कर में 25 दिसंबर 2025 से 3 जनवरी 2026 तक कुल 1 लाख 95 हजार 999 रुपए उनके बताए बैंक खाते में जमा किए। बाद में उन्हें पैसा वापस नहीं मिला। ऑनलाइन ठगी का एहसास होने पर राजेंद्र नगर थाने में शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना में लिया है।

ऐसे बचें साइबर ठगी से (संजय सिंह, एसीपी, क्राइम एंड साइबर)

-सोशल मीडिया में अनजान लोगों से दोस्ती न करें

-ऑनलाइन क्रिप्टो करेंसी, शेयर मार्केट या मुनाफे की स्कीम की अच्छे से जांच कर लें। किसी फायनेंस एक्सपर्ट से जानकारी लेने के बाद ही निवेश करें।

-सरकारी या मान्यता प्राप्त बैंकिंग संस्थाओं, निवेश कंपनियों में ही निवेश करें।

  • साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
Updated on:
16 Mar 2026 11:22 am
Published on:
16 Mar 2026 11:22 am