महिला आरक्षक से छेड़छाड़ के आरोप में विवादों में रहे आईजी पवनदेव का गृहविभाग ने प्रमोशन कर दिया। पवनदेव अब एडीजी का पदभार संभालेंगे।
रायपुर. विवादों में घिरे आईजी को पवन देव को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है। विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के बाद बुधवार को गृहविभाग ने इसका आदेश जारी किया। महिला आरक्षक के साथ छेड़छाड़ के आरोप में घिरने के बाद उनकी पदोन्नति को पिछले काफी समय से रूकी हुई थी।
शिकायत के बाद राज्य सरकार मामेल की जांच का आदेश दिया था। विशाखा कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद विधि विभाग की सलाह पर पवन देव का नाम फाइनल किया गया है। वह भारतीय पुलिस सेवा 1992 बैच के अफसर हैं। उनकी पदोन्नति के बाद अब पुलिस महकमे में 7 एडीजी हो जाएंगे। आदेश जारी होने के बाद पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दिए जाने की कवायद शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि बिलासपुर आईजी के पद पर रहते हुए पवन देव पर महिला आरक्षक के साथ लैंगिक उत्पीडऩ का आरोप लगा था। शिकायत के बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय में अटैच कर दिया गया था। लेकिन, कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते केंद्रीय गृह विभाग ने भी मामले की रिपोर्ट मंगवाई थी। कोई कार्रवाही नहीं होने पर पीडि़त आरक्षक ने विभिन्न आयोग में अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। ज्ञात हो कि जनवरी 2017 में डीपीसी के बैठक हुई थी।
बतादें कि 30 जून 2016 को मुंगेली की महिला आरक्षक ने तत्कालीन बिलासपुर आईजी पवन देव पर मोबाइल फोन से अश्लील बातें करने व दबाव पूर्वक अपने बंगले बुलाने का आरोप लगाया था। जुलाई 2016 में डीजीपी ने आईएएस रेणु पिल्ले की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति का गठन कर शिकायत जांच सौंपी थी। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट 2 दिसम्बर 2016 को डीजीपी को सौप दी थी।