
Convocation 2024: राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने शुक्रवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में 10 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं पदोपाधि व 514 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने चिकित्सकों को मानवीय मूल्यों के साथ काम करने और जनकल्याण के लिए आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग पर जोर दिया।
राष्ट्रपति ने कहा, सुविधा संपन्न लोगों के पास कई विकल्प हो सकते हैं, लेकिन वंचितों की उम्मीदें आप पर टिकी हैं। उन्होंने चिकित्सकों को सभी लोगों, विशेष रूप से गरीबों और वंचितों की सेवा करने की सलाह दी। राष्ट्रपति ने चिकित्सकों से कहा, चिकित्सा पेशेवरों का काम बेहद जिम्मेदार पूर्ण होता है। उनके निर्णय अक्सर लोगों की जान बचाने से जुड़े होते हैं।
चिकित्सा पेशेवरों के तौर पर, उन्हें अक्सर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चिकित्सकों को सलाह दी कि वे इन चुनौतियों का सामना करने के लिए अपनी भावनाओं पर नियंत्रण करना सीखें।
कार्यक्रम के प्रारंभ में एम्स रायपुर के अध्यक्ष प्रोफेसर जॉर्ज ए डिसूजा ने स्वागत भाषण तथा कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक कुमार जिंदल ने एम्स रायपुर का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
राष्ट्रपति ने कहा, जब आप सबने मेडिकल को अपना कार्यक्षेत्र चुना होगा, तो आपके मन में दया और संवेदना का भाव रहा होगा। आपको यह हमेशा याद रखना होगा कि दया, करुणा, संवेदना मानवीय मूल्य को मजबूत बनाते हैं। इसलिए हमेशा अपने कार्य क्षेत्र में इन जीवन मूल्यों के साथ कार्य करें।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा, रायपुर एम्स ने छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का कार्य किया है। राज्यपाल ने कोविड-19 महामारी के दौरान यहां के मरीजों को मिले उच्च-स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में देश की लगभग सभी ख्यातनाम संस्थाएं स्थित हैं। ये संस्थाएं राज्य के भविष्य को रास्ता दिखाने वाली मशालें हैं। इनमें से ज्यादातर संस्थाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रुचि और पहल पर छत्तीसगढ़ को मिली हैं।
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ को मध्य भारत का मेडिकल हब बनाने में अपना योगदान देने के लिए हमारे शासकीय अस्पताल भी पूरी तरह तैयार हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के 14वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुई और 12 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया। कार्यक्रम में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी किए 1439 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।
इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा, तकनीक का विकास विज्ञान पर निर्भर होता है। आप अपने योगदान का दायरा जितना अधिक विस्तृत करेंगे, उतना ही अधिक आपका व्यक्तिगत विकास होगा। बड़ी सोच, बड़ी आकांक्षाओं को जन्म देती है। बड़ी आकांक्षाएं ही प्रभावशाली यथार्थ का रूप लेती हैं।
Convocation 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के पुरखौती मुक्तांगन में छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की 9वीं किस्त ऑनलाइन ट्रांसफर। इस योजना के तहत दीवाली से पहले राज्य की 69 लाख 68 हजार महिलाओं के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपए के मान से कुल 651 करोड़ 37 लाख रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। योजना के तहत अब तक राज्य की महिलाओं को कुल 5878 करोड़ 37 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।