
रायपुर . शहर में बहुत जल्दी मरीन ड्राइव के रूप में पहचान बना चुका तेलीबांधा तालाब में एंटरटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। यहां सैर-सपाटे के लिए आने वालों के लिए सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। इस एंटरटेनमेंट जोन को ओएनएम मोड (ऑपरेशन एंड मेंटनेंस मोड )पर विकसित किया जाएगा। इसकी लागत करीब 10 करोड़ रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार स्मार्ट सिटी कंपनी ने उक्त कार्य के लिए बुधवार को टेंडर जारी किया है।
गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी कंपनी ने तेलीबांधा के पानी को शुद्धिकरण करने के लिए बीएचईएल को जिम्मा सौंपा है। नीरी के सहयोग से बीएचईएल तालाब के अंदर की जलकुंभी को वैज्ञानिक पद्धति से जड़ से नष्ट करेगा। इसके अलावा तालाब का गहरीकरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही तालाब में गिरने वाले नाले के पानी को ट्रीटमेंट करने के लिए छोटा एसटीपी भी लगाया जाएगा, ताकि तालाब में 12 माह साफ पानी भरा रहे।
इएनवाय कंपनी ने किया डिजाइन: मरीन ड्राइव पर एंटरटेनमेंट जोन विकसित करने का डिजाइन इएनवाय कंपनी ने किया है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार तालाब के चारों तरफ साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था सहित फूड जोन से लेकर पार्र्किंग की व्यवस्था बेहतर कैसे हो सकती है। इसका प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा यहां सुबह-दोपहर और शाम को आने वाले लोग परिवार समेत को किस प्रकार से इंटरटेनमेंट कर सकते हैं, इसका पूरा खाका खींचा गया है।
मरीन ड्राइव परिसर में तालाब में वाटर बोट से लेकर बच्चों की टॉय ट्रेन तक चलाना प्रस्तावित है। इसके अलावा यहां सैर-सपाटे के लिए आने वालों के फूड जोन भी बनाया जाएगा। शाम को लेजर एंड लाइट शो चलेगा। तालाब के पिछले हिस्से में एमपी थियेटर बनाया जाएगा। इसके समीप वॉल क्लाइबिंग जोन भी बनाया जाएगा।
तालाब किनारे चारों तरफ छत्तीसगढ़ की लोक कला का भी बेहतर ढंग से चित्रण किया जाएगा। संभाग वाइस लोक कला का चित्रण होने से पयर्टकों और स्थानीय लोगों को लोक कला के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी कि छत्तीसगढ़ में किस क्षेत्र में किस प्रकार की लोक कला प्रचलित है।
नगर निगम के आयुक्त रजत बंसल ने कहा तेलीबांधा तालाब में ओएनएम मोड पर एंटरटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। कुछ काम नगर निगम और कुछ स्मार्ट सिटी द्वारा किया जाएगा। इच्छुक एजेंसियों से निविदा बुलाने के लिए टेंडर अपलोड कर दिया गया है। बारिश के पहले ही मरीन ड्राइव में एंटरटेनमेंट जोन का काम शुरू कराने का प्लान है।