रायपुर

एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक का ऐसा पागलपन, जेल से छूटकर पहुंचा महिला के घर और हंसिया से किया कई वार

एकतरफा प्रेम करने वाले युवक ने महिला पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ महिला को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

2 min read
Dec 07, 2019
एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक का ऐसा पागलपन, जेल से छूटकर पहुंचा महिला के घर और हंसिया से किया कई वार
एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक का ऐसा पागलपन, जेल से छूटकर पहुंचा महिला के घर और हंसिया से किया कई वार

कोरबा. एकतरफा प्रेम करने वाले युवक ने महिला पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ महिला को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टर की निगरानी में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला का केस दर्ज किया है।

घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र की है। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह महिला घर में अकेली थी, इस बीच इंद्रपाल टोंडे नाम का युवक महिला के घर पहुंचा। पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इससे नाराज इंद्रपाल ने महिला पर हंसिया से हमला कर दिया। महिला के चेहरे, हाथ, पैर, सिर में कई बार हंसिया से हमला किया। महिला खून से लथपथ हो गई। अपनी बचाव के लिए महिला जोर-जोर से चिल्ला रही थी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने ने आरोपी को पकड़ लिया। उसके साथ सख्ती बरतने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला का केस दर्ज किया है।

जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों बिलासपुर मुंगेली के मूल निवासी है। महिला कुछ माह से सीएसईबी चौकी क्षेत्र के एक स्लम बस्ती में रहती है। इंद्रपाल टोंडे महिला से एकतरफा प्रेम करता था। कुछ दिन पहले इंद्रपाल ने चोरी-छिपे महिला की एक वीडियो बनाई थी। इसे वायरल कर दिया था। घटना की जानकारी होने पर महिला ने 4 अक्टूबर 2019 को इसकी शिकायत सीएसईबी चौकी में की थी। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने इंद्रपाल के खिलाफ आईटी एक्ट और शांति भंग करने का मामला दर्ज किया था। आरोपी इंद्रपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

4-5 दिन पहले इंद्रपाल जेल से छूटकर घर पहुंचा था। वह बदला लेने की फिराक में था। इसी नीयत से शुक्रवार को वह साढ़े आठ से नौ बजे के बीच महिला के घर पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां से मजिस्ट्रेट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। घायल महिला का बयान दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि स्थिति में सुधार होते ही पीडि़त महिला का बयान दर्ज किया जाएगा।

Published on:
07 Dec 2019 12:42 pm