
Gobara Nawapara News: गोबरा नवापारा के ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा के दौरान जमकर बवाल हो गया। सामने आए फोटो और शिकायत ने माहौल को गरमा दिया है। ( Chhattisgarh news ) बताया जा रहा है कि 24 जून को आयोजित ग्राम पंचायत जौंदी की आमसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर जमकर बहस हो गई। वहीं आज उपसरपंच पोखन लाल यदु ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
गोबरा नवापारा थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार उपसरपंच ने सभा के दौरान और बाद में अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। बताया कि आयोजित आमसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर जमकर बहस हुई। सूची में कई पात्र लोगों के नाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। आरोप है कि इसी मुद्दे पर उपसरपंच को जिम्मेदार ठहराया गया और सभा में माहौल गरमा गया।
उपसरपंच का कहना है कि बैठक समाप्त होने के बाद उनका कॉलर पकड़कर पंचायत भवन के बाहर ले जाया गया, जहां कुछ लोगों ने मिलकर मारपीट की। इस दौरान कपड़े फाड़ने, मोटरसाइकिल गिराने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
मारपीट में घायल होने का दावा करते हुए उपसरपंच ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है। प्रधानमंत्री आवास सूची पर उठा विवाद आमसभा से सड़क तक पहुंच गया, अब पुलिस जांच तय करेगी कि आरोपों में कितना दम है।