रायपुर

तानाशाहीपूर्ण आदेश,1 लाख का डिमांड ड्राफ्ट दो, फिर करेंगे शिकायत की जांच

इससे पहले भी तानाशाहीपूर्ण आदेशों के लिए सुर्खियों में रहा है दवा निगम
3 min read
• •
Updated: 1 Apr 2018, 9:17 AM IST
breast cancer medicine scam

रायपुर . छत्तीसगढ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (सीजीएमएसी) का एक और कारनामा सामने आया है। यह कारनामा यहां हुए घोटालों को छिपाने के लिए बाकायदा आदेश जारी कर किया गया। यही नहीं, इससे पहले भी अपने तानाशाहीपूर्ण आदेशों के लिए दवा निगम सुर्खियों में रहा है।

18 अगस्त 2017 को जारी आदेश के मुताबिक १ लाख रुपए आरटीजीएस या डिमांड ड्राफ्ट के जरिए प्रबंध संचालक के नाम जमा करने के बाद ही निविदा संबंधी शिकायतों की जांच होगी। बड़ी बात यह है कि इस आदेश के बाद दवा निगम में एक भी शिकायत नहीं हुई, लेकिन गड़बडि़यों के ढेरों मामले सामने आए। इस आदेश के जारी होने के बाद डीकेएस सुपरस्पेश्यलिटी हॉस्पिटल के लिए उपकरण खरीदी में गड़बड़ी सामने आई।

यही नहीं, कुछ कंपनियों से गुणवत्ताहीन दवाएं खरीदने की भी बात सामने आई। ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को भी दवा निगम का साथ मिला। ये तमाम गड़बडि़यां सामने आने के बावजूद दवा निगम ने जांच नहीं कराई। स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बाद काफी अरसे बाद इन घोटालों की जांच के बाद कार्रवाई की गई। कार्रवाई भी सिर्फ दवा कंपनियों पर की गई। दवा निगम के अधिकारियों पर आंच भी नहीं आई।

डराने के लिए डाला वेबसाइट पर, लेकिन पालन नहीं : दवा निगम के इस आदेश के बाद से दवाओं की गुणवत्ता और टेंडर में गड़बड़ी को लेकर कोई भी शिकायत नहीं हुई। इससे यह साफ है कि सिर्फ शिकायतकर्ताओं को डरने के लिए यह आदेश वेबसाइट पर डाला गया था। हालांकि, इस आदेश को लागू नहीं किया गया था। एेसा अधिकारियों का कहना है, लेकिन आदेश खंडन संबंधी कोई पत्र वेबसाइट में नहीं डाला गया है।

और भी तानाशाहीपूर्ण आदेश : इससे पहले दवा निगम ने एक और तानाशाहीपूर्ण आदेश जारी करके कुछ दवा कंपनियों के लाइजनर के ऑफिस में प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। इसके लिए दफ्तर की दीवारों पर बाकायदा पर्चे चिपकाए गए थे। लाइजनरों पर ऑफिस के दस्तावेजों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया था।

पत्र क्रमांक/3448/सीजीएमएससी /प्रसं/2017 दिनांक 18 अगस्त 2017 को साफ लिखा है कि निविदा में पारदर्शिता बरती जा रही है। इसके बाद भी व्यापारी व अन्य लोग निविदा को प्रभावित करके के लिए बेवजह शिकायत करते हैं। इसलिए अब उन्हीें शिकायतों की जांच होगी, जिसके एवज में 1 लाख रुपए का डीडी या आरटीजीएस जमा किया जाएगा। शिकायत सही मिलने पर राशि वापस कर दी जाएगी। गलत मिलने पर राशि राजसात कर ली जाएगी।

दवा खरीद और अन्य घोटालों में लिप्त दवा निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई के बजाय गाज प्रमुख सचिव सुब्रत साहू पर गिरी है। राज्य सरकार ने शनिवार दोपहर उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी से हटा दिया। उनको जिस तरह तुरंत रिलीव भी कर दिया गया, उसे लेकर मंत्रालय के गलियारों में काफी चर्चा है। कहा जा रहा है कि सीजीएमएससी मामले में साहू जिम्मेदारों पर

एेक्शन लेने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने दवा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से पत्रिका में छपी खबरों के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा था। सुब्रत साहू की जगह 1997 बैच की आइएएस निहारिका बारिक को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास संस्कृति और पर्यटन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी।

रायपुर के प्रबंध संचालक वी रामाराव ने बताया कि एेसा पत्र वेबसाइट में डाला गया था, लेकिन ऑर्डर लागू नहीं किया गया। हालांकि, पत्र अभी भी वेबसाइट पर दिख रहा है।

Published on: