रायपुर

धनतेरस में ऑटोमोबाइल्स ने कायम किया नया रिकॉर्ड, लोगों ने कार और बाइक पर खर्च किए इतने करोड़

धनतेरस के दिन सभी सेक्टरों में जमकर कारोबार हुआ, लेकिन ऑटोमोबाइल्स ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया
3 min read
Nov 06, 2018
CGNews
धनतेरस में ऑटोमोबाइल्स ने कायम किया नया रिकॉर्ड, लोगों ने कार और बाइक पर खर्च किए इतने करोड़

रायपुर. धनतेरस के दिन सभी सेक्टरों में जमकर कारोबार हुआ, लेकिन ऑटोमोबाइल्स ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया । कारोबारी संगठनों के मुताबिक राजधानी में लगभग 1800 कार और लगभग 12 हजार मोटरसाइकिल की बिक्री की जानकारी मिली है, जिसमें 117 करोड़ की कार और 54 करोड़ मोटरसाइकिल पर लोगों ने राशि खर्च किए। धनतेरस के दिन शहर के 20 बड़े बाजारों में जमकर भीड़ उमड़ी।

इसके साथ अन्य इलाकों के रिटेल काउंटर में भी खरीदी हुई। सराफा शो-रूम देर रात तक गुलजार रहा। इलेक्ट्रॉनिक्स आदि शो-रूम में देर रात तक खरीदारी होती रही। नोटबंदी और जीएसटी का असर रियल एस्टेट सेक्टर में एक बार फिर देखा गया, लेकिन बीते वर्ष से स्थिति बेहतर रही। नए प्रोजेक्ट और आकर्षक ऑफरों की वजह से रियल एस्टेट में बीते वर्ष से बेहतर व्यवसाय हुआ।

सोना 32500 रुपए तोला में बिका
धनतेरस के दिन सोना 200 रुपए घटकर प्रति 10 ग्राम 32500 रुपए पर बिका, वहीं चांदी 39400 रही। पिछली दिवाली के मुकाबले सोने की कीमतें में 1500 से 2000 रुपए का इजाफा देखा गया।

यातायात संभालने में छूटा पसीना
पुलिस प्रशासन ने जिस तरह तैयारी की थी। धनतेरस के दिन यातायात संभालने में पसीना छूट गया। मालवीय रोड, गोलबाजार, श्रीबंजारी रोड, स्टेशन रोड, गुरूनानक चौक आदि बाजारों में जबरदस्त भीड़ रही। लोगों की भीड़ बढऩे के बाद प्रशासन ने कुछ देर के लिए मालवीय रोड को वन-वे किया, लेकिन इसके बावजूद कारों की आवाजाही होती रही। सदर बाजार में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध नहीं रहा।

एटीएम खाली, ऑफरों का लिया फायदा
शहर के ज्यादातर एटीएम कैश की किल्लत नहीं हुई। आकर्षक ऑफरों का फायदा बाजार को मिला। न्यूनतम दस्तावेज में कार, मकान, एलइडी, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि उत्पादों की पेशकश से ग्राहक खींचे चले आए।

कल भी बाजार रहेंगे गुलजार
सराफा, ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट आदि सेक्टर दिवाली के दिन भी गुलजार होगा। दिवाली के दिन कई प्रतिष्ठानों में शाम 6 बजे तक व कई शो-रूम में रात 9 बजे तक खरीदारी होगी। दिवाली के दिन भी प्रदेशभर में 300 करोड़ से अधिक के व्यवसाय की उम्मीद जताई जा रही है।

112 रजिस्ट्रियां हुईं
धनतेरस के दिन सोमवार को 112 रजिस्ट्री हुई। इससे विभाग के खजाने में 72 लाख रुपए का राजस्व आया। सामान्य दिनों में यहां 30 से 35 रजिस्ट्री होती है। इस दौरान लिंक कटने से रजिस्ट्री कराने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। धनतेरस की शुभ मुहुर्त पर रायपुर के रजिस्ट्री दफ्तर में सुबह 6 बजे से लोगों की लाइन शुरू हो गई। रायपुर के रजिस्ट्री कार्यालय में शुभ मुहुर्त देखकर लोगों ने जमीन, मकान, फ्लैट की रजिस्ट्री कराई है। रजिस्ट्रार बीएस नायक ने बताया कि 112 रजिस्ट्री के लिए आवेदन आए हैं।

शहर के ये प्रमुख बाजार रहे गुलजार
1. मालवीय रोड-
2. सदर बाजार-
3. गोल बाजार-
4. चिकनी मंदिर मार्ग-
5. श्री बंजारी मार्ग बाजार-
6. एमजी रोड बाजार-
7. पंडरी थोक कपड़ा मार्केट-
8. सत्ती बाजार मार्ग-
9. स्टेशन मार्ग बाजार-
10. गुरूनानक चौक-
11. रामसागरपारा मार्ग-
12. गुढिय़ारी बाजार-
13. डूमरतराई थोक बाजार-
14. शास्त्री मार्केट-
15. अमरदीप टॉकीज मार्ग-
16. तात्यापारा से आमापारा मार्ग
17. शारदा चौक-
18.बूढ़ेश्वर मंदिर से लीली चौक-
19. संतोषीनगर से टिकरापारा मार्ग-
20.कटोरातालाब-नेताजी चौक बाजार क्षेत्र

अलग-अलग सेक्टर में व्यवसाय
1.ऑटोमोबाइल्स-171-172 करोड़
2.सराफा- 50-60 करोड़
3.रियल एस्टेट-75-80 करोड़
4.इलेक्ट्रॉनिक्स-80-85 करोड़
5.गारमेंट्स- 30-35 करोड़
6.बर्तन—4-5 करोड़
7. लाइफ स्टाइल-3-3.50 करोड़
8. पटाखा-मिठाई- 5-7 करोड़
8. अन्य - 1 करोड़
(आंकड़े : कैट छत्तीसगढ़, चैंबर ऑफ कॉमर्स, ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन व अन्य थोक व्यापारी संघों के मुताबिक)

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी ने बताया कि धनतेरस के दिन सभी सेक्टरों में अच्छे कारोबार की जानकारी मिली है। इस व्यवसाय से ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, सराफा, रियल एस्टेट आदि सेक्टरों में मंदी कुछ समय के लिए घटी है। दिवाली में हुए कारोबार का फायदा राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। राजस्व संग्रहण में इजाफा होगा।

छत्तीसगढ़ ऑटोमोबाइल्स डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने बताया कि ऑटोमोबाइल्स सेक्टर के लिए बाजार काफी अच्छा रहा। बीते वर्ष के मुकाबले ऑटोमोबाइल्स में ग्रोथ आया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढऩे के बाद भी चार पहिया की अच्छी बिक्री हुई है। राजधानी में 1500 से अधिक कार व 25 हजार से अधिक मोटरसाइकिल की बिक्री की जानकारी मिली है।

Updated on:
06 Nov 2018 11:16 am
Published on:
06 Nov 2018 11:16 am