4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छत्तीसगढ़ की सियासत में LJP की एंट्री की तैयारी, रायपुर में चिराग पासवान ने किया बड़ा ऐलान

Lok Janshakti Party: रायपुर पहुंचे LJP अध्यक्ष चिराग पासवान ने छत्तीसगढ़ में पार्टी की राज्य इकाई बनाने और आगामी चुनाव में राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने का ऐलान किया।
3 min read
Google source verification
Chirag Paswan Raipur

छत्तीसगढ़ की सियासत में LJP की एंट्री की तैयारी (Photo Source- Patrika File Photo)

Chirag Paswan Raipur: लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान रविवार को रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। चिराग पासवान राजधानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति स्पष्ट की। चिराग पासवान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोक जनशक्ति पार्टी की राज्य इकाई जल्द स्थापित की जाएगी। इसके बाद संगठन में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले चुनावों में पार्टी छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराएगी।

Raipur Political News: छत्तीसगढ़ में संगठन खड़ा करेगी LJP

रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पार्टी का संगठन मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। राज्य इकाई के गठन के बाद पार्टी के पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। इसके जरिए प्रदेश में संगठन को विस्तार देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं से सीधे बातचीत करना और उनकी समस्याओं को समझना है। चिराग ने कहा कि युवाओं की भूमिका राजनीति में महत्वपूर्ण है और पार्टी युवाओं से जुड़कर आगे बढ़ना चाहती है।

आगामी चुनाव में मौजूदगी का संकेत

छत्तीसगढ़ में आने वाले चुनावों को लेकर भी चिराग पासवान ने पार्टी की मंशा स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि राज्य में संगठन तैयार होने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी आगामी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी।हालांकि, पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और चुनावी रणनीति क्या होगी, इस पर उन्होंने कोई स्पष्ट संख्या नहीं बताई। फिलहाल पार्टी का पहला लक्ष्य छत्तीसगढ़ में मजबूत संगठन तैयार करना बताया जा रहा है।

SIR पर चुनाव आयोग को लेकर कही बात

चिराग पासवान ने चुनाव आयोग और SIR को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर देश के किसी भी मतदाता को चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर संदेह है तो आयोग की जिम्मेदारी है कि वह लोगों का विश्वास जीते। उन्होंने SIR के दौरान नाम हटाए जाने को लेकर कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे आम मतदाता नहीं थे। चिराग ने कहा कि अगर बड़ी संख्या में आम मतदाताओं के नाम हटाए जाते तो इसका व्यापक असर दिखाई देता और बड़े स्तर पर आंदोलन की स्थिति बनती।

चुनाव रद्द करने की मांग पर कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने और चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग को लेकर भी चिराग पासवान ने निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर इतना ही संदेह है तो क्या वह हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के विधायकों का जिक्र करते हुए कहा कि क्या वे भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। चिराग ने कहा कि विपक्ष का काम अपनी आवाज उठाना है, लेकिन कई बार विपक्ष की आवाज कुछ दिनों के बाद ही खत्म हो जाती है।

Chhattisgarh Election: EVM के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना

चिराग पासवान ने दावा किया कि SIR का मुद्दा सामने आने के बाद कांग्रेस ने EVM का मुद्दा उठाना बंद कर दिया है। उन्होंने विपक्ष की चुनावी आपत्तियों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों पर संस्थाओं और राजनीतिक दलों के बीच भरोसा होना जरूरी है।

छत्तीसगढ़ में LJP की राज्य इकाई बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन या समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि इसका फैसला राज्य की इकाई करेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी परिस्थितियों और समय को देखते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी। चिराग के मुताबिक, कई राज्यों में लोक जनशक्ति पार्टी अपने स्तर पर भी राजनीतिक गतिविधियां चला रही है।

युवा संवाद के जरिए प्रदेश में पकड़ बनाने की कोशिश

रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के जरिए चिराग पासवान ने युवाओं से बातचीत की। उनके दौरे को छत्तीसगढ़ में LJP के संगठन विस्तार की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य इकाई के गठन और आगामी चुनाव में पार्टी की सक्रियता से प्रदेश की राजनीति में एक और राजनीतिक विकल्प के तौर पर LJP की मौजूदगी बढ़ सकती है।