रायपुर

DKS की सुरक्षा व्यवस्था में फिर लगी सेंध, हर माह खर्च होता है 32 लाख

* सीरिंज पंप चोरी पर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़ा हुआ बड़ा सवाल

less than 1 minute read
May 13, 2019
dks
DKS की सुरक्षा व्यवस्था में फिर लगी सेंध, हर माह खर्च होता है 32 लाख

रायपुर। दाऊ कल्याण सिंह (DKS Hospital) सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। करीब 6 माह पहले चोरों ने अस्पताल के बाहर लगे 42 एलईडी पार कर दिया था। अब अस्पताल के अंदर से करीब 45 हजार की लागत से आने वाला सीरिंज पंप चोरी हो गया है।

करीब 5 दिनों पहले डीकेएस अधीक्षक पुड्डुचेरी गए हुए थे। शुक्रवार को वह वापस लौटे तो नर्सिंग सिस्टर इंचार्ज ने पत्र लिखकर अवगत कराया कि अस्पताल के एमआईसीयू-1 से एक सीरिंज पंप चोरी हो गया है। चोरी की बात सुनते ही अधीक्षक ने तुरंत अस्पताल के सिक्युरिटी इंचार्ज को तलब किया और तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा। सीरिंज पंप से मरीज को निर्धारित समय सीमा में तय तात्रा में दवाएं इंजेक्ट की जाती है।

चारों तरफ सुरक्षा व्यवस्था
डीकेएस में चारों तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहती है। हर किसी पर सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की नजर होती है। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही कोई अंदर दाखिल हो सकता है। सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम है, जहां 24 घंटे एक व्यक्ति मॉनीटरिंग करता रहता है। हालांकि, छुट्टी के दिन यहां पर तैनात कर्मचारी नदारद रहता है। अस्पताल प्रबंधन हर माह करीब 32 लाख सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च करता है। हालाकि, इस माह आधे सुरक्षार्मियों के हटाए जाने से लागत कुछ कम आने की संभावना है।


डीकेएस अधीक्षक डॉ. के.के. सहारे का कहना हैं - सीरिंज पंप चोरी हुआ है। एमआईसीयू-1 में पदस्थ सिस्टर पर कार्रवाई की जाएगी। सिक्यूरिटी इंचार्ज को भी चेतावनी दी गई है कि 3 दिनों के भीतर इनक्वायरी रिपोर्ट प्रस्तुर करें, नहीं तो उनके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
12 May 2019 11:57 pm
Published on:
13 May 2019 08:03 am