परिवहन विभाग की 22 सेवाओं का लाभ अब घर बैठे मिलेगा। इन सेवाओं में स्मार्ट कार्ड आधारित ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र से संबंधित परिवहन सेवाएं शामिल हैं।
रायपुर. परिवहन विभाग की 22 सेवाओं का लाभ अब घर बैठे मिलेगा। इन सेवाओं में स्मार्ट कार्ड आधारित ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र से संबंधित परिवहन सेवाएं शामिल हैं। स्पीड पोस्ट के माध्यम से दस्तावेज पहुंचेंगे। आवेदकों को सेवाएं प्राप्त करने के लिए www.parivahan.gov.in पर आवेदन करना होगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने परिवहन विभाग की इस नई सुविधा 'तुंहर सरकार, तुंहर द्वार' (Tuhar Sarkar Tuhar Dwar) का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसके शुरू होते ही छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है, जहां परिवहन विभाग ड्राइविंग लाइसेंस एवं पंजीयन संबंधित सेवाओं को आधार से एकीकृत कर रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की यह सोच है कि जनसुविधाएं जितनी सुगमता से लोगों तक पहुंचेंगी उनका जीवन उतना ही आसान होगा और विकास की गति तेज होगी। परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि इससे विभाग के कामकाज में और अधिक पारदर्शिता आएगी और जवाबदेही भी बढ़ेगी। इस सुविधा से लोगों को परिवहन संबंधी सेवाओं के लिए अब चक्कर काटना नहीं पड़ेगा।
सात दिन में मिलेंगे दस्तावेज
नई सुविधा में डुप्लीकेट लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण एवं पता परिवर्तन सहित लाइसेंस से संबंधित 10 सेवाएं और स्वामित्व अंतरण एवं पता परिवर्तन सहित वाहनों से सबंधित 12 सेवाएं घर पहुंचाकर दी जाएंगी। नए वाहनों का पंजीयन, पुराने वाहनों का आरसी में संशोधन, नवीन ड्राइविंग लाइसेंस व पुराने लाइसेंस में कराए जाने वाले परिवर्तन के बाद ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) सीधे पंजीकृत पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से अधिकतम 7 दिन में मिल जाएंगे।
हेल्पलाइन नम्बर भी जारी
इस नई व्यवस्था के सुगम संचालन के लिए परिवहन विभाग द्वारा हेल्पलाइन नम्बर 75808-08030 जारी किया जा रहा है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से आवेदक परिवहन कार्यालयों को अनुमोदन के बाद स्मार्टकार्ड आधारित ड्राइविंग लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र प्रेषण के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।