Raipur News: प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बसें आएंगी तो शहर के सभी प्रमुख मार्गों के अलावा आसपास के शहरों के बीच आवाजाही काफी आसान होगी।
Raipur News: राजधानी की सड़कों पर धुएं छोड़ती सिटी बसें बंद हो जाएंगी। इसकी तैयारियां नगर निगम ने शुरू कर दी है। हालांकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम दुरुस्त होने में अभी एक साल का समय लगेगा। जब प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बसें आएंगी तो शहर के सभी प्रमुख मार्गों के अलावा आसपास के शहरों के बीच आवाजाही काफी आसान होगी।
इन बसों में किराया कम होगा। ऐसी 10 ई-बसें नगर निगम को मिलेंगी। इसके लिए हीरापुर जरवाय में एक नया ई-बस डिपो तैयार करने का काम अगले महीने से शुरू हो जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। निगम प्रशासन ने ई-बसों के चार्जिंग प्वाइंट और बस स्टेशन बनाने के लिए सीएसपीडीसीएल कंपनी को 8 करोड़ 63 लाख रुपए दे दिए हैं।
राजधानी बनने के बाद नगर निगम क्षेत्र की जनता को सस्ती सिटी बस सेवा मुहैया कराना था। इसके लिए जेएनएनयूआरएम फेस 1 के तहत 100 सिटी बसें खरीदी गई थी। बाजारों, कार्यालयों में आने-जाने के लिए लोग सिटी बसों का ही उपयोग करें। इससे वायु प्रदूषण शहर में कम होगा और पर्यावरण में काफी सुधार होगा लेकिन, इनमें से वर्तमान में 98 बसों का संचालन मंत्रालयीन और विभागाध्यक्ष कार्यालयों के कर्मचारियों के लिए पुराने रायपुर से नवा रायपुर के बीच किया जा रहा है।
जेएनएनयूआरएम फेस-2 के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर सिटी बसें चलाने के लिए 67 बसें खरीदी गईं, लेकिन कोरोना काल में ये बसें दो साल तक आमानाका डिपो में खड़ी-खड़ी बर्बाद हो गई हैं। 2022 में शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवा के तहत सिटी बसें चलाने के लिए दुर्ग के मनीष ट्रेवल्स से निगम प्रशासन ने अनुबंध किया। इस ट्रांसपोर्ट को बसों को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम द्वारा लाखों रुपए दिए, लेकिन अधिकांश सिटी बसें कबाड़ में तब्दील हो गई। सिर्फ 37 सिटी बसों के चलने का दावा किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों के अनुसार इन बसों से प्रतिदिन 12 हजार यात्री आना-जाना करते हैं। ऑनलाइन ई-टिकटिंग सिस्टम भी लागू है।
हीरापुर जरवाय में नगर निगम ई-सिटी बसों का डिपो 5 एकड़ में बनाने जा रहा है। यहीं से बसों का संचालन होगा। इसके निर्माण का ठेका बिलासपुर के श्रद्धा कंस्ट्रक्शन को 11 करोड़ 17 लाख रुपए में दिया गया है। जो डिपो का कार्यालय और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराएगा। नगर निगम प्रशासन ने वर्कआर्डर जारी करते हुए जल्द निर्माण करने कहा है। जबकि सब स्टेशन और चार्जिंग प्वॉइंट का काम बिजली कंपनी कराएगी। 8 करोड 63 लाख रुपए बिजली कंपनी को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना फंड से हस्तांतरित किया है।
नए बस डिपो का निर्माण कराने की प्रक्रिया पूरी हो गई। कंस्ट्रक्शन कंपनी को अगले महीने निर्माण करने निर्देश किया गया है। बिजली कंपनी को भी फंड रिलीज कर दिया गया है। ई-सिटी बसें चलने से वायु प्रदूषण में काफी सुधार होगा। शहर के लोगों को सस्ती सार्वजनिक बस सेवा मिलेगी।
प्रदीप यादव, कार्यपालन अभियंता, सार्वजनिक सिटी बस सेवा, निगम