
रायपुर/तिल्दा-नेवरा. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक एेसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने काले-जादू के गिरफ्त में आकर अपनी 4 साल की बेटी की हत्या कर दी। मामला तब सामने आया जब तिल्दा-नेवरा के ग्राम छडिय़ा में बैग में एक 4 साल की मासूम बच्ची का शव मिला। पुलिस तफ्तीश की माने तो काले-जादू के लिए 4 साल की मासूम बेटी की हत्या हुई है। मामले में नरबलि की आशंका जताई जा रही है। 1-2 और लोगों की हत्या किए जाने की योजना थी।
घटना मंगलवार की बताई जा रही है। दीपचंद देवांगन (36) मंगलवार की सुबह अपने कमरे में 4 साल की बेटी की हत्या कर शव को कहीं ले जाने के लिए बैग में भरकर रख दिया था। दीपचंद के भाई विमल ने भतीजी की लाश को बैग में देखकर खरोरा थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मासूम का गला रेता या घोटा है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। मंगलवार को शाम हो जाने के कारण शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। पुलिस ने बताया कि पीएम रिपोर्ट मिलने पर ही हत्या का खुलासा होगा।
आरोपी ने कहा- कालाजादू के लिए मारा
पुलिस ने बताया कि दीपचंद काले-जादू के चक्कर में पड़ गया था। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह शव के पास बैठकर कुछ बड़बड़ा रहा था। बेटी की हत्या किए जाने के बारे में पूछा गया तो वह विक्षिप्तों जैसी हरकत करते हुए कहा कि यह सब काले-जादू के लिए किया है। एक-दो लोगों को अभी और मारना है। काले-जादू में 5-6 लोग शामिल हैं। विमल देवांगन ने पुलिस के सामने आशंका जताई कि उसे भी मारने वाला था।