
Court Manager exam: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा कोर्ट मैनेजर (प्रारंभिक) परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा की शुल्क वापसी का लिंक फिर जारी किया गया है। परीक्षा का आयोजन 4 जनवरी को किया गया था। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय निवासी ऐसे अभ्यर्थी जो परीक्षा में उपस्थित हुए हैं उन्हें परीक्षा शुल्क वापसी हेतु लिंक आयोग की वेबसाइट में अपलोड किए जाने की तारीख से 10 दिवस के लिए उपलब्ध कराया गया था।
उसके बाद फिर से 5 अप्रैल तक पुनः शुल्क वापसी का लिंक अभ्यर्थियों को उनके सीजीपीएससी एकाउंट में लॉगिन पश्चात डैशबोर्ड में उपलब्ध होगा। लिंक को क्लिक करने पर अभ्यर्थी को अपने बैंक खाते की जानकरी प्रवष्टि करनी होगी। जिन अभ्यर्थियों द्वारा पूर्व में अपने बैंक खातों की प्रविष्टि की गई है उन्हें पुनः प्रविष्टि करने की आवश्यकता नहीं है।
संचालनालय तकनीकी शिक्षा, छत्तीसगढ़ के सम्बन्धित पॉलीटेक्निक कालेजों में प्रवेश के लिए प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा (पीपीटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन जारी है। यह परीक्षा राज्य के विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन 17 अप्रैल को शाम 5 बजे तक किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 18 से 20 अप्रैल तक का समय निर्धारित किया गया है।
परीक्षा का आयोजन 7 मई को पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक किया जाएगा। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, पाठ्यक्रम एवं दिशा-निर्देश के लिए व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 1 अप्रैल तक निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से शुरू हुई थी। इसमें 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक आयु वर्ग के युवा पात्र हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो 8वीं पास से लेकर स्नातक या डिप्लोमा धारक उम्मीदवार भी अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिले के युवाओं को आवेदन में सुविधा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। अभ्यर्थी विभिन्न सरकारी संस्थानों में जाकर आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए रोजगार कार्यालय, नगरीय निकाय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय, आईटीआई, जनपद पंचायत और नगर पंचायतों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आवेदक रोजगार कार्यालय रायपुर में स्थापित सेना भर्ती हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।