रायपुर

गरियाबंद में महिला डॉक्टर ने लगाई फांसी

छुरा अस्पताल में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर ने किराए के मकान में फांसी लगा ली।मामला छुरा थाना क्षेत्र का है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

less than 1 minute read
Nov 20, 2023
गरियाबंद में महिला डॉक्टर ने लगाई फांसी
गरियाबंद में महिला डॉक्टर ने लगाई फांसी


गरियाबंद के छुरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक महिला डॉक्टर सीमा अलोने (39) ने फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा में पदस्थ महिला ने किराए के मकान में लगभग 4 से 5 बजे के बीच अपने दुपट्टे को फांसी के फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वह अपने माता-पिता के साथ ही रहती थी। उन्हें सरकारी आवास भी आवंटित हुआ था लेकिन उसमें उनके डॉक्टर पति रहते थे, जो पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा में पदस्थ थे और रिजाइन देकर छुरा के एक निजी अस्पताल में क्लीनिक चलाते हैं।


जानकारी के मुताबिक पति घटना के समय निजी अस्पताल में मौजूद थे। उनकी मां शाम को वॉक पर गईं थी और पिता सब्जी लाने बाजार गए हुए थे। डॉक्टर की मां जब वॉक से वापस लौटी तो उन्होंने अपनी बेटी को फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा। उन्होंने तत्काल अपने डॉक्टर दामाद को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंच कर पति ने डॉक्टर की बॉडी को फंदे से नीचे उतारा और चेकअप किया। लेकिन तब तक महिला डॉक्टर की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का सही पता लग पाएगा। छुरा थाना से मिली जानकारी के मुताबिक पंचनामा कर शव को पीएम करवाने गरियाबंद भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है।

Published on:
20 Nov 2023 07:51 pm