रायपुर

इन चार लाशों की वजह से सुर्खियों में रहा ये शहर, अब पुलिस के सामने आई ये चुनौती

इन मामलों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है, लेकिन कुछ मामलों में सवाल अब भी खड़े हैं।

3 min read
Feb 21, 2018

महासमुंद. खल्लारी पहाड़ी पर नरबलि की घटना हो या आसपास जंगल क्षेत्र में एक के बाद एक मिलती लाशें, साल 2018 की शुरुआत से ही खल्लारी थाना क्षेत्र में हत्या, आत्महत्या के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले डेढ़ महीने में चार लाशें पुलिस के सामने चुनौती बनी हैं। हालांकि इन मामलों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है, लेकिन कुछ मामलों में सवाल अब भी खड़े हैं।

आपराधिक आंकड़ों के लिहाज के खल्लारी थाना क्षेत्र में जिले के अन्य थानों की अपेक्षा अपराध कम नजर आते हैं। 1 जनवरी से अब तक करीब २५ मामले ही दर्ज हुए हैं। इनमें जुआ, शराब, चोरी, रोड एक्सीडेंट, गुम इंसान, हत्या और आत्महत्या के मामले शामिल हैं। इसमें से कुछ मामले सुर्खियों में रहे। १४ जनवरी को ग्राम कन्हारपुरी और पाली के बीच खार में एक मानव कंकाल मिला था। इसकी गुत्थी सुलझाने में कुछ उलझन अब भी बनी हुई है। इस मामले में २० फरवरी को ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली है। लेकिन थाना प्रभारी कमला पुसाम का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने स्पष्ट अभिमत नहीं दिया है, बल्कि पुलिस इन्वेस्टिगेशन की आवश्यकता बताई है। लाश की इसकी शिनाख्ती में ही पुलिस को मुश्किलें आईं थी। कपड़ों के टुकड़ों से उसकी पहचान ग्राम कोमा निवासी दुर्गेश सोनी पिता केशव सोनी के रूप में परिजनों ने की।

ये भी पढ़ें

घर के आंगन में नवविवाहिता की जली मिली लाश, फैली सनसनी

गांव वालों और परिजन का लिया बयान
पुलिस का कहना है कि दुर्गेश सोनी के परिजनों को लाश सौंपकर कफन-दफन कराया, लेकिन कोई चूक न हो इसे ध्यान में रखते हुए डीएनए टेस्ट कराने की बात भी कही जा रही है। इस मामले में गांव वालों और मृतक के परिजनों का बयान लिया गया है। उनका कहना है कि हो सकता है शराब सेवन के कारण गला सूखने या ठंड से उसकी मौत हुई होगी।

पहाड़ी पर नरबलि की घटना से फैली सनसनी
पहाड़ी पर नरबली की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। खल्लारी की पहाड़ी पर मंदिर से करीब 200 मीटर दूर 21 जनवरी की रात एक व्यक्ति की लाश मिली थी। उसका गला रेता गया था और सिर पर भी चोट के निशान थे। मर्ग दर्ज कर पुलिस ने फोटो के आधार पर आसपास थानों में पता किया तो पता चला कि मृतक अमलीडीह रायपुर निवासी जगदीश मिंज था, जो धरसींवा विकासखंड के बाराडेरा स्कूल में शिक्षाकर्मी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या पाए जाने पर थाना खल्लारी में धारा 302 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। पड़ताल में नर बलि का मामला सामने आया। पेड़ से जैसे पत्ते झड़ते हैं, उसी तरह रुपए झड़ेंगे, इस अंधविश्वास में छह लोगों ने मिलकर अपने ही साथी की बलि चढ़ा दी। पुलिस ने तीन तांत्रिक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया।

जंगल में फांसी पर झूलती मिली लाशें
फरवरी में क्षेत्र के जंगल में अलग-अलग घटनाओं में दो लोग फांसी पर लटके पाए गए। ११ फरवरी को कोकड़ी का जवान लड़का नवाडबरी तालाब के पास जंगल में फांसी पर लटका पाया गया। उसकी पहचान सोहन पटेल पिता पवन पटेल (१८) के रूप में हुई। इसके बाद १३ फरवरी को भीमखोज के सागौन प्लाट कोडार नाला के पास ५०-५५ साल का एक अज्ञात पुरष का शव फांसी पर लटका पाया गया। उसकी पहचान भानसिंह ठाकुर पिता केजू राम के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि भानसिंह के बेटे की सगाई होने वाली थी, लेकिन डेट तय नहीं हो पा रही थी। इसी बात को लेकर परेशान होकर उसने फांसी लगा ली। हालांकि उक्त मामलों में पुलिस विवेचना में सामने आए तथ्य कई सवाल भी पैदा करते हैं। थाने में जनवरी और फरवरी में एक युवती और एक युवक की गुमशुदगी भी दर्ज है।

आज ही मिली रिपोर्ट
थाना क्षेत्र में जो भी मामले सामने आए हैं, उन सभी की गुत्थी सुलझाई जा चुकी है। जहां तक कन्हारपुरी पाली खार मिले मानव कंकाल की बात है तो उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आज ही मिली है, जिसमें डॉक्टर ने भी पुलिस इन्वेस्टिगेशन की बात लिखी है। जगह चिन्हांकित कर लाश का दफन करा दिया था, अब डीएनए टेस्ट भी कराएंगे।
कमला पुसाम, थाना प्रभारी खल्लारी

ये भी पढ़ें

स्कूल से घर लौट रहे मासूम को बाइक सवार ने दिए 50 रुपए, फिर हो गया ये क्राइम, फैली सनसनी
Published on:
21 Feb 2018 04:44 pm
Also Read
View All