करोड़ों रुपए ठगने के बाद अब नवजीत सिंह टुटेजा बचने के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहा है। टुटेजा खुद को दिवालिया घोषित करने की तैयारी में जुट गया है।
रायपुर. करोड़ों रुपए ठगने के बाद अब नवजीत सिंह टुटेजा खुद को दिवालिया घोषित करने की तैयारी में जुट गया है। दिवालिया घोषित होने के बाद किसी को पैसा लौटाने की जरूरत भी नहीं रहेगी। बताया जाता है कि उसने अपने वकीलों के माध्यम से हाईकोर्ट में आवेदन लगाने की तैयारी कर ली है। दूसरी ओर पुलिस टुटेजा और उसके साथियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उसके एक सहयोगी जसपाल बाम्बरा ने स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन भी लगा दिया है। बाम्बरा मेडिकल कॉलेज रिम्स में पदस्थ हैं।
उल्लेखनीय है कि नवजीत ने मंत्री, नेताओं के अलावा कई व्यापारियों से करोड़ों रुपए लिया है। इसके बाद किसी को पैसा नहीं लौटाया। और अचानक फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने नवजीत, उसकी बहन सुमीत, पत्नी, जसपाल बाम्बरा व एक अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
कनाडा भागने की थी तैयारी
आरोपी नवजीत करोड़ों रुपए लेकर कनाडा जाने की तैयारी में था। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने आनन-फानन में उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया। आरोपी के कवर्धा में छुपे होने की सूचना पर पुलिस ने वहां तलाशी ली। इसके बाद रायगढ़ में भी उसकी तलाश की गई। उसका अब तक पता नहीं चल पाया है।
अग्रिम जमानत की तैयारी
मामले में सहआरोपी बाम्बरा अग्रिम जमानत लेने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक उसने स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन लगा दिया है। दूसरी ओर पुलिस उसे अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता नलिनेश से नवजीत ने पूरा लेन-देन जसपाल के सामने हुआ। और उसने आश्वास्त किया था।
जबलपुर में भी ठगी, 670 चेक दिए
सूत्रों के मुताबिक नवजीत ने जबलपुर में भी एक व्यक्ति से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी की है। वह रायपुर आकर एफआईआर कराएगा। दूसरी ओर नवजीत ने जिन लोगों से पैसा लिया है, उन्हें पैसा वापस करने के लिए चेक दिए हैं। उसने ३०० और उसकी बहन ने 370 चेक बांटे हैं। हालांकि अभी तक किसी ने चेक बाउंस का मामला दर्ज नहीं कराया है।