रायपुर

स्वरोजगार के नाम पर NGO बनाकर महिलाओं से ठगी, 30 लाख रुपए लेकर 2 महिलाएं फरार

CG Fraud News: दो महिलाओं ने एनजीओ संचालिका बनकर उन्हें आटा चक्की उद्योग स्थापित करने फिर उन्हें हर महीने मानदेय देने का झांसा दिया।
2 min read
Apr 18, 2025
Feature image

CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में महिलाओं को स्वरोजगार दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठग लिए गए। दो महिलाओं ने एनजीओ संचालिका बनकर उन्हें आटा चक्की उद्योग स्थापित करने फिर उन्हें हर महीने मानदेय देने का झांसा दिया। इसके बाद उनके नाम पर लोन लेकर 30 लाख से अधिक रुपए ठग लिए गए। इसकी शिकायत पर पुलिस ने एजीओ संचालिका के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

CG Fraud News: पुलिस ने NGO संचालिका के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस के मुताबिक रामसागरपारा निवासी राखी ध्रुव उर्फ रानी मिरी और पूनम नायक मां दंतेश्वरी लघु उद्योग एनजीओ का संचालन करते थे। दोनों महिलाओं ने आरंग इलाके की त्रिवेणी जलक्षत्री सहित 78 महिलाओं को स्वरोजगार दिलाने का झांसा दिया। एक मीटिंग आयोजित की। इसमें सभी महिलाओं को बताया गया कि आटा चक्की उद्योग लगाकर हर महीने 6 हजार आय होगी।

इसके लिए सभी महिलाओं को अलग-अलग बैंकों से 40-40 हजार रुपए लोन लेने कहा गया। लोन भी उन्होंने ही दिलाया। इसके बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि लोन की राशि से आटा चक्की लगाया जाएगा। इसकी आय से बैंक लोन की किस्त चुकाई जाएगी। साथ ही हर माह सभी महिलाओं को 6 हजार मानदेय दिया जाएगा।

30 लाख 20 हजार रुपए लेकर दोनों महिलाएं फरार

दोनों महिलाओं के झांसे में पड़कर ग्रामीण महिलाओं ने 40-40 हजार लोन ले लिया। इनमें नाबार्ड बैंक से 4, बंधन बैंक से 6 महिलाएं, एलएनटी से 28, सोनाटा बैंक से 2, एचडीएफसी बैंक से 10 महिलाओं ने लोन लिया था। बाकी महिलाओं ने 40-40 हजार नकद दिए हैं। इस तरह 78 महिलाओं से कुल 30 लाख 20 हजार रुपए लेकर दोनों महिलाएं फरार हो गई।

शुरुआत में दो माह तक लोन की किस्त दी गई। जब किस्त देना बंद कर दिया, तो बैंक वालों ने पीड़ित महिलाओं को नोटिस भेजना शुरू किया। इसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।

Updated on:
18 Apr 2025 10:05 am
Published on:
18 Apr 2025 10:05 am