रायपुर

Gold-Silver Price Hike: रायपुर में त्योहारों से पहले बढ़ी सोने-चांदी की कीमत, एक महीने में बंपर उछाल

Raipur Sarafa Market: रायपुर में त्योहारी सीजन से पहले सोने-चांदी के दामों में जोरदार उछाल आया है। एक महीने में सोना ₹19 हजार और चांदी ₹28 हजार से अधिक महंगी हुई है। कीमत बढ़ने के बावजूद ज्वेलरी की खरीदारी में तेजी बनी हुई है।
2 min read
Aug 29, 2026
Gold-Silver Price Hike
Gold-Silver Price Hike: रायपुर में त्योहारों से पहले बढ़ी सोने-चांदी की कीमत(photo-patrika)

Gold-Silver Price Hike: छत्तीसगढ़ के रायपुर के सराफा बाजार में त्योहारी सीजन के साथ सोने-चांदी के दाम तेजी से बढ़े हैं। पिछले एक महीने में सोना करीब 19 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 28 हजार रुपए प्रति किलो से अधिक महंगी हुई है। जुलाई में 1.46 लाख रुपए के आसपास रहा सोना अब करीब 1.65 लाख रुपए पहुंच गया है। वहीं चांदी भी 2.54 लाख रुपए प्रति किलो के करीब पहुंच गई है। कीमतों में उछाल के बावजूद त्योहारों के कारण बाजार में ज्वेलरी की मांग और खरीदारी बढ़ी है।

Gold-Silver Price: एक महीने में सोना करीब 19 हजार रुपए महंगा

जुलाई में रायपुर में सोने की कीमत करीब 1.46 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी। अब इसका भाव बढ़कर करीब 1.65 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। यानी एक महीने के भीतर सोने की कीमत में करीब 19 हजार रुपए की तेजी दर्ज की गई है। लगातार बढ़ते दामों के कारण ज्वेलरी खरीदने वालों का बजट भी प्रभावित हो रहा है।

चांदी में 28 हजार रुपए से ज्यादा का उछाल

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी आई है। जुलाई में करीब 2.26 लाख रुपए प्रति किलो रही चांदी अब बढ़कर करीब 2.54 लाख रुपए प्रति किलो पहुंच गई है। इस तरह एक महीने में चांदी 28 हजार रुपए से अधिक महंगी हुई है। त्योहारी मांग के बीच चांदी की कीमतों में यह तेजी बाजार के लिए महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है।

20 और 22 कैरेट सोने के भाव भी बढ़े

रायपुर के सराफा बाजार में 20 कैरेट गोल्ड की कीमत 1 लाख 38 हजार 900 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 52 हजार 150 रुपए प्रति 10 ग्राम है। शुद्धता के आधार पर अलग-अलग कैरेट के सोने की कीमतों में अंतर बना हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी असर

सराफा कारोबारियों के मुताबिक सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियां और निवेशकों का रुख अहम है। हाल के दिनों में अमेरिकी बॉन्ड बाजार में तेजी के साथ वैश्विक बाजारों में निवेशकों के भरोसे में बदलाव का असर कीमती धातुओं पर पड़ा है।

त्योहारों में बढ़ी सोने की मांग

रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के अनुसार, त्योहारी सीजन में सोने की मांग बढ़ने से स्थानीय बाजार में गतिविधियां तेज हुई हैं। कीमतों में तेजी के बावजूद लोग त्योहारों और पारिवारिक आयोजनों के लिए ज्वेलरी की खरीदारी कर रहे हैं।

आगे भी उतार-चढ़ाव की संभावना

कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति और त्योहारी मांग के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान ज्वेलरी खरीदने वालों को बाजार भाव पर नजर रखनी होगी।

Updated on:
29 Aug 2026 07:50 am
Published on:
29 Aug 2026 07:50 am