Republic Day 2026: सभी जिला मुख्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, राजधानी में राज्यपाल और गांवों में मुखिया द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा।
Republic Day 2026: प्रदेश में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। इसे लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने गाइडलाइन जारी कर दी है। राजधानी के पुलिस ग्राउंड में राज्यपाल रमेन डेका झंडा फहराने के बाद परेड की सलामी लेंगे। वहीं, प्रदेश के बड़े ग्रामों में गांव के मुखिया तिरंगा फहराएंगे और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाएंगे।
वहीं, जिला मुख्यालयों में राज्य सरकार द्वारा तय किए गए जनप्रतिनिधि झंडा फहराएंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों को प्रचारित करते हुए झांकी निकालेंगे।
राजधानी में गणतंत्र दिवस का मुख्य आयोजन पुलिस लाइन में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। राज्यपाल सबसे पहले तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद उनका संबोधन होगा। इस दौरान पदक व अलंकरण समारोह होगा। समारोह स्थल पर रंगीन गुब्बारे उड़ाए जाएंगे और अंत में स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य के मुख्य समारोह के अलावा केवल जिला स्तर पर भी परेड होगी। यानी जिला व जनपद पंचायत स्तर पर परेड नहीं होगी। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी करेंगे।
Republic Day 2026: जारी गाइडलाइन के मुताबिक, प्रदेश के सभी शासकीय भवनों में 26 जनवरी को अनिवार्य रूप से तिरंगा फहराया जाएगा। साथ ही गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सभी विभागों, सार्वजनिक भवनों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों में रोशनी की जाएगी।
गाइडलाइन में यह भी कहा गया है कि राज्य और सभी जिलों में कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा, इसलिए सभी शासकीय भवनों में इससे पहले तिरंगा फहराया जाना चाहिए ताकि वहां के अधिकारी-कर्मचारी राज्य व जिला स्तर के कार्यक्रम में शामिल हो सकें।