
रायपुर. राजधानी में जिला प्रशासन ने 175 में 72 पटाखा व्यापारियों को इस साल फिर रहवासी इलाकों में व्यापार करने की अनुमति दे दी है। दरअसल व्यापारियों ने इसके लिए हाइकोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर हाइकोर्ट ने व्यापारियों को गोदाम शहर से बाहर करने की शर्त पर लाइसेंस रिनिवल करने का आदेश जारी किया था।
इसके बाद से जिला प्रशासन ने एक माह के लिए व्यापारियों से शपथ पत्र के आधार पर लाइसेंस जारी किया गया है।
बीते साल सिर्फ 12 का लाइसेंस हुआ था नवीनीकरण: पिछले एक साल से जिले की 75 पटाखा दुकानों का निरीक्षण करके सिर्फ 12 दुकानों को लाइसेंस के लिए योग्य पाया था। बाकी 63 दुकानों के गोदाम शहर के भीतर होने के कारण लाइसेंस नवीनीकरण नहीं किया गया।
चाइनीज पटाखों पर कार्रवाई नहीं
हाईकोर्ट के आदेशानुसार पटाखा दुकानों को शहर से बाहर करना है। दुकानें बाहर करने की कवायद 4 सालों से चल रही है। जिला प्रशासन द्वारा पटाखा व्यापारियों की दी गई मियाद बार-बार बढ़ाई जा रही है।
हाईकोर्ट ने दिए नवीनीकरण के निर्देश
थोक पटाखा व्यापारियों ने लाइसेंस नवीनीकरण पर जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए स्टे के कारण हाईकोर्ट की शरण ली थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने रहवासी इलाके से बाहर गोदामों को करने की शर्त पर महज एक माह के लिए लाइसेंस जारी किया गया है।