रायपुर

पत्नी मोबाइल में रहती थी व्यस्त, पति को चरित्र पर हुआ शक और कर दी गला दबाकर हत्या

- दो साल पहले की थी लव मैरिज- आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

2 min read
Jan 09, 2021
husband_killed_wife.jpg

रायपुर. दो साल पहले लव मैरिज करने वाले युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका अक्सर मोबाइल में बातचीत करती रहती थी। इससे आरोपी को उसके चरित्र पर संदेह था। इसके चलते उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद भाग निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक जांजगीर-चांपा निवासी संजय कुमार सूर्यवंशी (21) प्रगति नगर में मोवा में अपनी पत्नी नीलम प्रधान(20) के साथ किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार की रात संजय और नीलम के बीच विवाद हो गया। इसके बाद संजय ने गुस्से में नीलम की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शरीर में कंबल ढंककर भाग निकला।

बाद में इसकी जानकारी मकान मालिक को हुई। मकान मालिक ने मोवा पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोवा टीआई याकूब मेमन के निर्देश पर पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में लगी रही। देर रात में पुलिस ने संजय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसके खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।

दो साल पहले हुई थी शादी
आरोपी संजय ने नीलम से दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। संजय मूलता: जांजगीर चांपा का रहने वाला है और नीलम से शादी के बाद मोवा इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। और एक शोरूम में सिक्युरिटी गार्ड का काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक मृतका मोबाइल में अक्सर बातचीत करती रहती थी। इससे आरोपी को उसके चरित्र पर शक होता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। घटना वाली रात भी इसी तरह दोनों के बीच विवाद हुआ था।

Published on:
09 Jan 2021 07:26 pm