रायपुर

त्योहारी भीड़ के बीच निकला रेलवे का डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता, टिकट काउंटर से प्लेटफार्म तक ठसाठस

टिकट काउंटरों पर कतारें, प्लेटफार्म के किनारे तक यात्रियों की भीड़, बसें भी ठसाठस

2 min read
Oct 27, 2019
त्योहारी भीड़ के बीच निकला रेलवे का डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता, टिकट काउंटर से प्लेटफार्म तक ठसाठस

रायपुर . रेलवे स्टेशन में दिवाली पर्व के एक दिन पहले शनिवार को खासी भीड़ रही। सामान्य टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं गाड़ी आने से पहले यात्रियों की भीड़ प्लेटफार्म के किनारे तक ठसाठस नजर आई। दोपहर 1.30 से 3.30 बजे के बीच प्लेटफार्म नंबर पांच पर ट्रेन में चढऩे के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। जनरल कोच में तो पैर रखने तक की जगह नहीं। दूसरी तरफ रेलवे सुरक्षा बल निगरानी में जुटा नजर आया। डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता सक्रिय रहा। ड्रोन कैमरे से सभी जगहों की तस्वीरें कैद की जाती रही।

दिवाली अपने गांव, कस्बों और शहरों में मनाने के लिए यात्रियों में होड़ मची रही। रायपुर जंक्शन से बिलासपुर तरफ और दुर्ग तरफ जाने वाली लोकल ट्रेनों के अलावा एक्सप्रेस गाडिय़ां यात्रियों से खचाखच भरी नजर आई। जितनी भीड़ गाडिय़ों में उतनी ही प्लेटफार्म पर अगली ट्रेन आने के इंतजार में यात्री खड़े रहे। पिछले दो दिनों से रेलवे स्टेशन में इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम के बीच सुरक्षा अधिक चौक-चौबंद की गई। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी दिवाकर मिश्रा, जीआरपी थाना प्रभारी एसएल राजपूत की टीम यात्रियों की चौकसी में लगी रही। मुख्य गेट पर किसी यात्री का लगेज चेक किए बगैर प्लेटफार्म की तरफ जाने में पूरी तरह से सख्ती बरती जा रही थी। इसके साथ ही यात्रियों के बैग, सूटकेस, बोरा और गठरियों की जांच स्क्वाड टीम में करने में जुटी नजर आई।

देर शाम एक जैसी स्थिति
ट्रेनों में सुबह से लेकर देर रात एक जैसी स्थिति रही। दोपहर बाद सवा तीन बजे जैसे ही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस आई तो यात्रियों में होड़ मच गई। वहीं राजधानी के पंडरी बस स्टैंड से बिलासपुर, जगदलपुर, महासमुंद, नागपुर सहित अनेक शहर के बीच चलने वाली बड़ी बसों के साथ ही आसपास के शहर के बीच चलने वाली मिनी बसें पूरी तरह से ठसाठस चलीं।

Click & Read More Chhattisgarh News.

Published on:
27 Oct 2019 05:43 pm
Also Read
View All