रायपुर

Admission Rules: छत्तीसगढ़ में अब 30 वर्ष से अधिक आयु वाले भी कर सकेंगे इंजीनियरिंग, प्रवेश के लिए नए नियम लागू

Engineering College Admission: अब 30 वर्ष से अधिक आयु वाले अभ्यर्थी भी इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने काउंसिलिंग शेड्यूल और नए नियम जारी कर दिए हैं।
2 min read
Jun 29, 2026
Engineering Admission
एडमिशन के लिए अपना नाम लिस्ट में खोजते स्टूडेंट (Photo AI)

Engineering Admission: छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इस वर्ष से प्रदेश के इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में दाखिले के लिए अधिकतम आयु सीमा समाप्त कर दी गई है। अब तक इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 30 वर्ष की अधिकतम आयु निर्धारित थी, लेकिन नए नियम लागू होने के बाद अब किसी भी आयु वर्ग का व्यक्ति इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र होगा।

प्रवेश के लिए काउंसिलिंग शेड्यूल जारी

तकनीकी शिक्षा संचालनालय (DTE) ने इंजीनियरिंग प्रवेश के लिए काउंसिलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही नए प्रवेश नियमों की भी घोषणा की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी।

पहले चरण की काउंसिलिंग

प्रथम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन 30 जून से 6 जुलाई तक किया जाएगा। इसके बाद 7 जुलाई को मेरिट सूची जारी होगी। अभ्यर्थी 8 जुलाई तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। सीट आवंटन की सूची 10 जुलाई को जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 11 से 15 जुलाई के बीच संबंधित इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश लेना होगा।

दूसरे चरण का शेड्यूल

दूसरे चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन 17 से 21 जुलाई तक होगा। 22 जुलाई को मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 23 जुलाई तक दावा-आपत्ति दर्ज करने का अवसर मिलेगा। दूसरे चरण की सीट आवंटन सूची 25 जुलाई को जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई तक संबंधित संस्थान में प्रवेश लेना होगा।

संस्थागत काउंसिलिंग से भरेंगी खाली सीटें

यदि दो चरणों की काउंसिलिंग के बाद भी सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो उन्हें संस्थागत (इंस्टीट्यूशनल) काउंसिलिंग के माध्यम से भरा जाएगा। इसके लिए अलग से पंजीयन कराना होगा।

संस्थागत काउंसिलिंग के लिए 1 से 6 अगस्त तक पंजीयन होगा, जबकि 9 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद संबंधित संस्थान अपने स्तर पर रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।

विद्यार्थियों को मिलेगा अधिक अवसर

आयु सीमा समाप्त होने से अब वे अभ्यर्थी भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले प्रवेश नहीं ले पाए थे। इससे नौकरीपेशा, करियर बदलने के इच्छुक और लंबे समय बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले लोगों को भी इंजीनियरिंग शिक्षा का अवसर मिलेगा।

तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कर काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है। नए नियमों के लागू होने से इस वर्ष इंजीनियरिंग प्रवेश में अधिक संख्या में आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।

Published on:
29 Jun 2026 01:50 pm