रायपुर

जोगी ने CM को लिखा पत्र, कहा – सेक्स सीडी के साथ अंतागढ़ टेपकांड की भी हो CBI जांच

पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने सीएम रमन सिंह को पत्र लिखकर मंत्री की कथित सेक्स सीडी के साथ अंतागढ़ टेप कांड की भी सीबीआई से जांच करवाने की मांग की।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2017, 6:35 PM IST
Antagarh Tape case
जोगी ने CM को लिखा पत्र, कहा - सेक्स सीडी के साथ अंतागढ़ टेपकांड की भी हो CBI जांच

रायपुर . छत्तीसगढ़ में एक मंत्री की कथित अश्लील सीडी मामले की सीबीआई से जांच कराने की प्रदेश सरकार की सिफारिश के बाद छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के अध्यक्ष अजीत जोगी ने मुख्यमंत्री रमन सिंह को पत्र लिखकर अंतागढ़ टेप कांड की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।

जोगी ने पत्र में लिखा कि अश्लील सीडी कांड में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके नाम अंतागढ़ कथित फर्जी टेप मामले में भी आए थे। जोगी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मंत्री पर बात आई तो सरकार ने तुरंत सीबीआई से जांच कराने का निर्णय ले लिया जबकि अंतागढ़ उपचुनाव टेपकांड की जांच कई सिफारिशों के बाद भी अभी तक नहीं हुई। जोगी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सरकार और विपक्ष दोनों ही नहीं चाहते कि अंतागढ़ प्रकरण की फर्जी टेपकांड का सच जनता के सामने आए और षड्यंत्रकारी पकडे जाएं।

अंतागढ़ उपचुनाव क्यों था विवादों में
गौरतलब है कि वर्ष 2014 में राज्य का अंतागढ़ उपचुनाव उस समय सुर्खियों में आया था, जब अंतागढ़ सीट के लिए मंतूराम पंवार कांग्रेस की तरफ से अधिकृत प्रत्याशी बनाए गए थे। लेकिन पवार ने नामांकन दाखिल करने के बावजूद पार्टी को सूचना दिए बगैर ऐन वक्त पर विधायक का चुनाव लडऩे से इनकार करते हुए अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद खरीद-फरोख्त के आरोप लगे और इसका एक टेप भी सामने आया, जिसमें कथित रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, उनके पुत्र अमित जोगी और सीएम रमन सिंह के दामाद पुनीत गुप्ता की आवाजें होने की बात कही गई।

इस टेप के जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में सियासी घमासान मच गया था, जिसका सीधा असर कांग्रेस पार्टी में के फूट के रूप में दिखा। इस टेपकांड विवाद को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस दो धड़ों में बंट गई। इसका परिणाम यह हुआ कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपनी नई पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस का गठन कर लिया।

Published on: