
रायपुर . लोक निर्माण मंत्री के कथित सेक्स सीडी मामले में गिरफ्तार विनोद वर्मा की तीन दिन की रिमांड अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को पुलिस ने उन्हें चतुर्थ सिविल जज भावेश कुमार वट्टी की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि दूसरी पेशी में भी विनोद वर्मा ने जमानत नहीं मांगी।
वर्मा के वकीलों का कहना है कि कुछ तथ्य जुटाने के बाद जमानत याचिका पेश की जाएगी। कोर्ट से पंडरी पुलिस ने भी वर्मा की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग नहीं की। वर्मा के स्वास्थ्य और खतरे को देखते हुए उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल में आम कैदियों से अलग सेल में रखा गया है। यह सेल जेल अस्पताल के करीब है। उनकी निगरानी के लिए डॉक्टरों को भी तैनात किया गया है।
जान को खतरा बताए जाने के वर्मा के आवेदन को देखते हुए न्यायालय ने विशेष सुरक्षा दिए जाने का निर्देश दिया है। जेल प्रशासन ने केंद्रीय जेल की सुरक्षा बढ़ा दी है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने वर्मा का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। इधर, पुलिस तीन दिन की पूछताछ में विनोद वर्मा से कुछ भी हासिल नहीं कर पाई है। पूछताछ करने वाले अफसरों का कहना है कि वर्मा उनके किसी प्रश्न का जवाब नहीं दे रहे थे।
भोजन में मिली दाल-रोटी
विनोद वर्मा को दोपहर बाद पुलिस जेल लेकर पहुंची। जेल प्रशासन ने उन्हें शाम को चाय दी। रात के भोजन में रोटी, दाल, चावल और सब्जी दी गई थी। बताया गया कि उन्हें सुबह नाश्ते में दलिया मिलेगा। अफसरों ने बताया कि बाहर से भोजन मंगाने पर पाबंदी है। जब तक न्यायालय नहीं कहता, उन्हें बाहर से कुछ भी खाने नहीं दिया जाएगा। वर्मा को पढऩे के लिए कुछ किताबें और पत्रिकाएं उपलब्ध कराई गई है।
परिजन मिलेंगे आज
विनोद वर्मा के अधिवक्ता ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद से नहीं मिल पाए परिजन बुधवार को उनसे मुलाकात करने केंद्रीय जेल जाएंगे। उनके अधिवक्ता भी साथ होंगे। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में ही वर्मा की जमानत से जुड़ी रणनीति पर बात होगी।