रायपुर

पिता, पत्नी समेत 7 की हत्या कर दफनाने वाला आरोपी दुर्ग कोर्ट से फरार

खौफनाक कुकुरबेड़ा हत्याकांड,केवल चार का ही शव बरामद कर पाई पुलिस
2 min read
• •
Updated: 8 May 2018, 12:27 PM IST
mass murder, chhattisgarh crime
mass murder

रायपुर . बहुचर्चित कुकुरबेड़ा हत्याकांड का आरोपी सीरियल किलर अरुण उर्फ तोरण चंद्राकर दुर्ग कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसे रायपुर सेंट्रल जेल से दुर्ग कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया था।

करीब छह साल पहले उसने पिता, पत्नी सहित 7 लोगों की हत्या करके जमीन में दफन कर दिया था। दोनों जिले की पुलिस उसकी तलाश में लग गई है। देर शाम तक उसका पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। आरोपी को चार मामले में सजा हुई है। बाकी मामलों में सुनवाई चल रही है। सीरियल हत्याओं का खुलासा होने के बाद रायपुर के वकीलों ने उसका केस लडऩे से इनकार कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक प्रधान आरक्षक विष्णुदेव और दो आरक्षक आरोपी को सुनवाई के बाद हथकड़ी लगाकर कोर्ट से रायपुर ले जाने के लिए निकले थे कि इसी बीच वह पुरानी बिल्डिंग के मुख्य गेट के पास भीड़ का फायदा उठाकर वह भाग निकला। प्रधान आरक्षक ने सिटी कोतावली में इसकी सूचना दी। विष्णुदेव का कहना है, आरोपी के हाथों में हथकड़ी लगी है।

जनवरी 2012 में सरस्वती नगर पुलिस कुकुरबेड़ा की एक बालिका की गुमशुदगी की तलाश में लगी थी। इस दौरान सरस्वती नगर पुलिस कुकुरबेड़ा पहुंची और बच्ची के संबंध में अरुण से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अरुण पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हत्या करने का खुलासा किया। उसके घर की खुदाई करके चार शव निकाले गए थे। आशंका है कि आरोपी ने कई और हत्याएं की हैं, जिसके शव पुलिस अब तक ढूंढ नहीं पाई है।

Published on: